चीन में कोरोना का कोहराम, 20 दिनों में 25 करोड़ से ज्यादा हुए संक्रमित, सरकारी दस्तावेज हुआ लीक... मचा हड़कंप

टीआरपी डेस्क। चीन में कोरोना का कोहराम मचा हुआ है। एक रिपोर्ट के अनुसार जीरो कोविड पॉलिसी के कमजोर होने के केवल 20 दिनों में चीन में 25 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग की 20 मिनट की बैठक में लीक हुए दस्तावेज के मुताबिक एक से 20 दिसंबर के बीच 24.8 करोड़ लोग कोविड-19 से संक्रमित हुए, जो चीन की आबादी का 17.65 फीसदी है।

रेडियो फ्री एशिया के अनुसार, 20 दिसंबर को सरकारी अधिकारियों द्वारा जारी किए गए कोविड मामलों के आंकड़े वास्तविकता से अलग हैं। एक वरिष्ठ चीनी पत्रकार ने गुरुवार को रेडियो फ्री एशिया को बताया कि दस्तावेज वास्तविक था और बैठक में भाग लेने वाले किसी ऐसे व्यक्ति द्वारा लीक किया गया था जो जानबूझकर और सार्वजनिक हित में काम कर रहा था। नए आंकड़े के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। कोरोना को लेकर फिर से सख्ती लागू की जा रही है।  

इससे पहले शनिवार को, चीन ने आधिकारिक आंकड़ों के जरिए बताया कि संक्रमणों के 3,761 नए मामले दर्ज किए गए हैं और कोई नई मौत नहीं हुई। यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है, जब ब्रिटिश स्थित स्वास्थ्य डेटा फर्म एयरफिनिटी ने कहा है कि चीन में प्रतिदिन 5,000 से अधिक मौतों के साथ संक्रमण आंकड़ा एक दिन में दस लाख से अधिक होने की संभावना है। एक रिपोर्ट के अनुसार, एयरफ़िनिटी मॉडल का अनुमान है कि जनवरी 2023 में मामले की दर चरम पर 3.7 मिलियन और मार्च 2023 में एक दिन में 4.2 मिलियन तक पहुंच सकती है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।