US midterm elections impact Indian politics: अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत ने भारत में भी सियासी बहस छेड़ दी है। अमेरिकी कांग्रेस के प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों सदनों में डेमोक्रेट्स ने बहुमत हासिल कर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा राजनीतिक झटका दिया है। इसके बाद कांग्रेस, शिवसेना (UBT) और AIMIM के नेताओं ने अमेरिकी चुनाव परिणामों की तुलना भारत की राजनीति से करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा।
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने ट्रंप की तुलना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की, जबकि प्रियंका कक्कड़ ने ‘आज POTUS, कल LOTUS’ का नारा दिया। दूसरी तरफ बीजेपी ने विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का राजनीतिक नेतृत्व मजबूत है।
पवन खेड़ा बोले- अमेरिका के मोदी हैं ट्रंप
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने अमेरिकी चुनाव परिणामों को भारत की राजनीति से जोड़ते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ट्रंप के साथ ऐसा क्यों हुआ? अमेरिका में वह अमेरिका के मोदी हैं और यहां जो हैं, वे भारत के ट्रंप हैं। वहां जो स्थिति बनी, वही यहां भी होने वाली है। चुनावों के जरिए वे भी चले जाएंगे। उनके इस बयान के जरिए कांग्रेस ने अमेरिकी चुनाव में ट्रंप को लगे झटके को भारत में बीजेपी के राजनीतिक भविष्य से जोड़ने की कोशिश की।
आज POTUS, कल LOTUS से कांग्रेस ने कसा तंज
हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुईं प्रियंका कक्कड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया। इसमें उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए इस्तेमाल होने वाले POTUS (President of the United States) और बीजेपी के चुनाव चिह्न कमल यानी LOTUS का जिक्र करते हुए लिखा, आज POTUS, कल LOTUS। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी कहा कि बदलाव की हवा चल रही है। पार्टी के दूसरे नेताओं ने भी प्रियंका कक्कड़ के इस नारे को साझा किया। कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने अमेरिकी चुनाव परिणामों को लेकर कहा कि इससे पता चलता है कि मतदाता आखिरकार केंद्रित सत्ता के खिलाफ अपना रुख जाहिर करते हैं।
जयराम रमेश ने एक राष्ट्र, एक चुनाव पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने अमेरिकी चुनाव के नतीजों को भारत में केंद्र सरकार की ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की पहल से जोड़ दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस नीति को लागू करना चाहते हैं, क्योंकि उन्हें आशंका है कि अलग-अलग समय पर होने वाले विधानसभा चुनावों में उन्हें भी इसी तरह के राजनीतिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।
संजय राउत ने शेयर किया ट्रंप का AI वीडियो
महाराष्ट्र में शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने भी अमेरिकी चुनाव परिणामों को लेकर ट्रंप पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर AI से तैयार एक वीडियो साझा किया। इसमें ट्रंप को ‘खतरनाक कचरा’ लिखे एक डिब्बे में फेंकते हुए दिखाया गया है। इस तरह अमेरिकी चुनाव का मुद्दा कांग्रेस के साथ शिवसेना (UBT) की बयानबाजी में भी शामिल हो गया।
ओवैसी ने अब्दुल अल-सैयद की जीत से जोड़ा यूपी चुनाव
अमेरिकी चुनाव परिणामों के बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मिशिगन से सीनेट चुनाव जीतने वाले अब्दुल अल-सैयद का जिक्र किया। उन्होंने इस जीत के बहाने बीजेपी और समाजवादी पार्टी, दोनों पर निशाना साधा। ओवैसी ने कहा कि वहां अब्दुल ने सीनेटर बनकर सफलता हासिल की है, जबकि भारत में बीजेपी के नेता अब्दुल को पंचर बनाने वाला और समाजवादी पार्टी के नेता दरी बिछाने वाला बताते हैं। उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में अब्दुल सीनेटर बन सकता है और अब उत्तर प्रदेश में किसी के सामने सिर झुकाने के बजाय विधायक बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। गौरतलब है कि अब्दुल अल-सैयद ने मिशिगन से अमेरिकी सीनेट का चुनाव जीतकर इतिहास रचा है।
बीजेपी का जवाब- ट्रंप आएं या जाएं, कमल यहीं रहेगा
विपक्षी नेताओं के बयानों के बाद बीजेपी ने भी पलटवार किया। पार्टी ने अमेरिकी चुनाव परिणामों को भारत की राजनीति से जोड़ने की कोशिशों को खारिज किया। बीजेपी की ओर से दिए गए नारे का सार था कि अमेरिका में राष्ट्रपति ट्रंप रहें या जाएं, भारत में कमल बना रहेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा रहे।



