टीआरपी डेस्क। IRCTC ने अंडमान-निकोबार की खूबसूरत वादियों की सैर के लिए नया टूर पैकेज लॉन्च किया है। ‘अद्भुत अंडमान’ नाम से शुरू किया जा रहा यह विशेष हवाई टूर पैकेज नवाबों के शहर लखनऊ से नवंबर 2025 में संचालित किया जाएगा। यह यात्रा छह रात और सात दिन की होगी, जो 12 नवंबर से 18 नवंबर 2025 तक चलेगी।

यात्रा के दौरान पर्यटकों को लखनऊ से पोर्ट ब्लेयर तक आने-जाने की फ्लाइट सुविधा दी जाएगी, जिसमें कोलकाता एयरपोर्ट पर हॉल्ट होगा। यात्रियों के रहने और खाने की व्यवस्था तीन सितारा होटलों में की गई है। इस टूर में पोर्ट ब्लेयर के कॉर्बिन्स कोव बीच, सेल्युलर जेल, लाइट एंड साउंड शो, रॉस द्वीप, नॉर्थ बे द्वीप, हेवलॉक के कालापत्थर और राधानगर समुद्र तटों का भ्रमण शामिल है। इसके अलावा नील द्वीप स्थित लक्ष्मणपुर समुद्र तट, प्राकृतिक पुल और भरतपुर समुद्र तट की सैर भी कराई जाएगी।

किराये की बात करें तो एक व्यक्ति के अकेले ठहरने पर पैकेज मूल्य 76,500 रुपये, दो व्यक्तियों के साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति 63,000 रुपये और तीन व्यक्तियों के साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति 62,400 रुपये होगा। बच्चों के लिए माता-पिता के साथ ठहरने पर पैकेज मूल्य 57,700 रुपये (बेड सहित) और 54,100 रुपये (बिना बेड) तय किया गया है।

See also  Kalinga University organized two days National Conference on "The New Normal-Recent Trends in Business & Management"

IRCTC के उत्तरी क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि इस पैकेज की बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की जाएगी। इच्छुक यात्री पर्यटन भवन, गोमती नगर लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय या वेबसाइट irctctourism.com पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। अधिक जानकारी और सहायता के लिए आईआरसीटीसी के संपर्क नंबरों पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।