Swami Atmanand School Recruitment 2026: छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालयों में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक बेहद शानदार मौका सामने आया है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने प्रदेश भर के इन उत्कृष्ट स्कूलों में कुल 1812 पदों पर संविदा भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है।
इस नई भर्ती प्रक्रिया से राज्य के बेरोजगार युवाओं को रोजगार पाने का एक बड़ा अवसर मिलेगा। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी शिक्षा विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं
केंद्रीकृत तरीके से होगी शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों पर भर्ती
जारी किए गए आधिकारिक आदेश के अनुसार, इन पदों पर शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक दोनों श्रेणियों के कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। इस बार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया जिला स्तर के बजाय केंद्रीकृत (सेंट्रलाइज्ड) तरीके से संपन्न कराई जाएगी। ।
व्याख्याता और सहायक शिक्षक के पदों का विस्तृत विवरण
इस भर्ती में विभिन्न विषयों के लिए बंपर पद तय किए गए हैं। कुल पदों में अकेले व्याख्याता के 518 पद शामिल हैं, जिनमें वाणिज्य के 104, अंग्रेजी के 65, गणित के 49, भौतिकी के 53, हिंदी के 51, संस्कृत के 47, रसायन शास्त्र के 44, जीव विज्ञान के 39 और सामाजिक विज्ञान के 52 पद शामिल हैं। इसके अलावा, सहायक शिक्षक के सबसे ज्यादा 590 पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।
गैर-शैक्षणिक और अन्य पदों पर भी होगी सीधी नियुक्ति
शिक्षकों के अलावा स्कूलों के सुचारु संचालन के लिए गैर-शैक्षणिक और अन्य संवर्ग के पदों को भी इसमें शामिल किया गया है। इनमें प्राथमिक शाला प्रधानपाठक के 27, पूर्व माध्यमिक शाला प्रधानपाठक के 24, प्रयोगशाला सहायक के 170, ग्रंथपाल के 60, व्यायाम शिक्षक के 50 और कंप्यूटर शिक्षक के 40 पद प्रमुख रूप से शामिल हैं, जिससे विभिन्न क्षेत्रों के योग्य युवाओं को मौका मिलेगा।
जिलावार रिक्तियों की स्थिति: दुर्ग में सबसे ज्यादा पद
जिलावार पदों के वितरण पर नजर डालें तो दुर्ग जिले में सबसे अधिक 229 पद खाली हैं। इसके अलावा राजधानी रायपुर में 141, बेमेतरा में 103, बिलासपुर में 97, कोरबा में 87, कांकेर में 85 और मुंगेली में 82 पद रखे गए हैं। वहीं सक्ती में 73, सरगुजा में 72, बलौदाबाजार-भाटापारा और बीजापुर में 61-61 पद, सुकमा में 9 तथा कोरिया जिले में सबसे कम 8 पद आरक्षित किए गए हैं।
मई में रद्द हुई थी पुरानी प्रक्रिया, अब नए सिरे से विज्ञापन
गौरलतब है कि इससे पहले जिला स्तर पर शुरू की गई भर्ती प्रक्रिया को तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से 30 मई को रद्द कर दिया गया था। अब लगभग चार महीने के लंबे इंतजार के बाद DPI ने केंद्रीकृत व्यवस्था के तहत दोबारा नया विज्ञापन जारी किया है। पहले रायपुर के 33 स्कूलों में 152 पद रिक्त बताए गए थे, जिसे संशोधित कर अब नई भर्ती में रायपुर के लिए 141 पद तय किए गए हैं।
ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया और जरूरी निर्देश
जो अभ्यर्थी इन पदों के लिए पात्रता रखते हैं, वे छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग के आधिकारिक पोर्टल eduportal.cg.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे पदवार शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण के नियम और मानदेय की शर्तों से जुड़ी सभी जानकारियां आधिकारिक विज्ञापन में भली-भांति जांच लें।



