Chhattisgarh Teacher Recruitment Exam: छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए बहुप्रतीक्षित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) का शुक्रवार, 31 अक्टूबर से आगाज हो गया है। यह परीक्षा 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक राज्य के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा के पहले दिन अभ्यर्थियों में भारी उत्साह और उमंग देखने को मिली।
लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा के पहले दिन प्रदेश भर में कुल 83.25 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। पहले दिन 10 अलग-अलग विषयों के लिए परीक्षाएं आयोजित की गईं। इस दौरान कुल 7,025 अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हुए, जबकि 1,177 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों का पहुँचना इस भर्ती के प्रति युवाओं के गहरे रुझान को दर्शाता है।
शिक्षक गणित विषय में सबसे अधिक 90.25% उपस्थिति
विषयवार उपस्थिति के आंकड़ों पर नजर डालें तो शिक्षक गणित विषय के अभ्यर्थियों ने सबसे ज्यादा सक्रियता दिखाई, जिसमें सर्वाधिक 90.25 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। इसके अलावा व्याख्याता सामाजिक विज्ञान में 84.87%, व्याख्याता भौतिकी में 84.83%, व्याख्याता जीव विज्ञान में 83.27%, व्याख्याता संस्कृत में 81.77%, व्याख्याता इतिहास में 80.56%, व्याख्याता रसायन में 77.07%, व्यायाम शिक्षक में 76.9%, व्याख्याता भूगोल में 64.29% और व्याख्याता अर्थशास्त्र विषय में 63.64% उपस्थिति दर्ज की गई।
34,604 कुल आवेदन, 99.74 प्रतिशत अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र
इस प्रतिष्ठित भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 34,604 योग्य अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 34,514 अभ्यर्थियों को वैध मानते हुए प्रवेश पत्र जारी किए गए, जो कुल आवेदकों का 99.74 प्रतिशत है। इस पूरी प्रक्रिया में खास बात यह रही कि महिला अभ्यर्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। कुल आवेदकों में 20,779 महिला अभ्यर्थी (लगभग 60%) और 13,825 पुरुष अभ्यर्थी (लगभग 40%) शामिल हैं। इसके साथ ही, इस परीक्षा में 332 दिव्यांग अभ्यर्थियों ने भी भाग लिया है।
छत्तीसगढ़ में पहली बार कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT)
छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग के इतिहास में यह पहला अवसर है जब इतनी बड़ी शिक्षण भर्ती परीक्षा का आयोजन पूरी तरह से कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है। परीक्षा के पहले दिन परीक्षकों और अभ्यर्थियों ने इस डिजिटल पहल की जमकर सराहना की। युवाओं का कहना है कि पारंपरिक पेन-पेपर और ओएमआर शीट वाली प्रणाली की तुलना में यह तकनीक अधिक आधुनिक और सहज है।
परीक्षा परिणामों में आएगी पारदर्शिता
अभ्यर्थियों ने बताया कि कंप्यूटर आधारित प्रणाली होने के कारण उत्तरों का स्वचालित (ऑटोमैटिक) मूल्यांकन संभव हो सकेगा। इससे कम से कम समय में पूरी त्रुटिरहित प्रक्रिया के साथ परीक्षा परिणाम तैयार कर घोषित किए जा सकेंगे। शिक्षाविदों और परीक्षार्थियों ने राज्य शासन के इस कदम को पारदर्शी और क्रांतिकारी सुधार करार दिया है।
परीक्षा की विश्वसनीयता
CBT परीक्षा प्रणाली की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें अभ्यर्थियों के उत्तर, डिजिटल रिस्पांस शीट, उत्तर कुंजी और पूरा ऑडिट ट्रेल ऑनलाइन सुरक्षित रहता है। इससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं बचती और परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी बनती है। परीक्षकार्यों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी राज्य की अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन इसी आधुनिक पैटर्न पर किया जाना चाहिए ताकि पारदर्शिता बनी रहे।


