Sabudana Vada Recipe: सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव की आराधना के साथ व्रत और उपवास का दौर शुरू हो जाता है। इस दौरान लोग सात्विक भोजन करते हैं जिसमें प्याज और लहसुन का इस्तेमाल नहीं होता। रोज एक जैसी फलाहारी चीजें खाकर लोग अक्सर बोर हो जाते हैं।
अगर आप व्रत या स्नैक्स में कुछ स्वादिष्ट और अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो साबूदाना वड़ा एक बेहतरीन विकल्प है। आप इसे एक नहीं बल्कि 4 अलग-अलग तरीकों से आसानी से तैयार कर सकते हैं।
साबूदाना भिगोने और बाइंडिंग का सही तरीका
वड़ा बनाने के लिए साबूदाने को कम से कम 8 से 9 घंटे तक पानी में भिगोकर रखना जरूरी है। पानी की मात्रा साबूदाने से थोड़ी ही ऊपर रखें ताकि वह सारा पानी सोख ले और इसे छानने की जरूरत न पड़े।
बाइंडिंग के लिए उबले आलू का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन स्वाद बढ़ाने के लिए शकरकंदी का उपयोग भी किया जा सकता है। ध्यान रखें कि मिश्रण में बहुत ज्यादा मात्रा में आलू या शकरकंद न मिलाएं, वरना यह वड़े की जगह आलू की टिक्की बन जाएगी। एक बाउल में भीगे हुए साबूदाने और शकरकंदी को अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
- शेजवान साबूदाना वड़ा
साबूदाना वड़े को एक नया और चाइनीज ट्विस्ट देने के लिए इसमें शेजवान चटनी या सॉस का इस्तेमाल किया जाता है। भीगे हुए साबूदाने और शकरकंदी के मिश्रण में शेजवान सॉस मिलाएं। अगर मिश्रण सही से बाइंड न हो, तो इसमें थोड़ा सा पोहा पाउडर मिला सकते हैं। इसके बाद वड़े का आकार देकर कड़ाही में तेल में तल लें। - तंदूरी साबूदाना वड़ा
तंदूरी फ्लेवर पसंद करने वालों के लिए यह एक शानदार विकल्प है। साबूदाना और शकरकंदी के इस बेस में देगी मिर्च, धनिया पाउडर, अमचूर, गरम मसाला और जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। बाइंडिंग के लिए इसमें पोहा पाउडर मिलाएं। अब मिश्रण से वड़े तैयार करें और सुनहरे होने तक तेल में डीप फ्राई कर लें। - चटनी साबूदाना वड़ा
इस वैरायटी को बनाने के लिए साबूदाना और शकरकंदी के मिश्रण में तीखी हरी चटनी और नारियल का बुरादा अच्छी तरह मिलाया जाता है। बाइंडिंग के लिए इसमें भी पोहा पाउडर का इस्तेमाल किया जा सकता है। सभी सामग्रियों को मिलाकर वड़े का शेप दें और तेल में फ्राई कर लें। - पारंपरिक साबूदाना वड़ा
साबूदाना और शकरकंदी के मिश्रण में अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, खूब सारा करी पत्ता, बारीक कटा हरा धनिया और भुनी हुई मूंगफली को दरदरा कूटकर मिला लें। सभी चीजों को आपस में अच्छी तरह गूंथने के बाद इसके वड़े बनाएं और गर्म तेल में तलकर गर्मागर्म सर्व करें।


