Glass Cleaning Tips: घर के शीशे देखने में भले ही साफ नजर आएं, लेकिन उन पर जमी धूल, पानी के निशान, साबुन की सफेद परत और उंगलियों के दाग उनकी पूरी चमक बिगाड़ देते हैं। खासकर बाथरूम और खिड़कियों के शीशों पर ये निशान कुछ समय बाद ज्यादा साफ दिखाई देने लगते हैं। ऐसे में शीशा साफ करने के लिए कई लोग बाजार में मिलने वाले महंगे ग्लास क्लीनर का सहारा लेते हैं। हालांकि, हर बार इनसे मनचाहा परिणाम मिलना जरूरी नहीं है। कई बार शीशा साफ करने के बाद भी उस पर हल्के दाग या धुंधलापन नजर आता रहता है।
अगर आपके घर के शीशे भी बार-बार साफ करने के बावजूद चमक नहीं पा रहे हैं, तो हर बार नया क्लीनिंग प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं है। घर में रखी कुछ आम चीजों की मदद से भी शीशे की सफाई की जा सकती है। आइए जानते हैं शीशे की चमक वापस लाने के ये आसान घरेलू तरीके।
अखबार से करें सफाई
शीशा साफ करने के पुराने तरीकों में अखबार का इस्तेमाल भी शामिल है। इसके लिए अखबार पर थोड़ा पानी छिड़कें। फिर उससे शीशे को अच्छी तरह रगड़कर साफ करें। इससे शीशे पर मौजूद हल्के दाग और धुंधलापन साफ करने में मदद मिल सकती है।
सैनिटाइजर से करें सफाई
अगर शीशे पर हल्के दाग या धब्बे हैं, तो सैनिटाइजर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए शीशे के एक हिस्से पर थोड़ा सैनिटाइजर लगाएं। अब साफ कॉटन के कपड़े से उस हिस्से को पोंछ दें। इससे सफेद दाग-धब्बे हटाने में मदद मिल सकती है और शीशा साफ नजर आ सकता है।
नींबू और बेकिंग सोडा आएगा काम
नींबू को आधा काट लें और उसके ऊपर थोड़ा बेकिंग सोडा छिड़कें। दोनों को हल्का रगड़ें और फिर शीशे पर लगाएं। इसके बाद कॉटन के कपड़े से शीशे को साफ कर दें। यह तरीका जिद्दी दाग हटाने में मददगार हो सकता है।
सफेद टूथपेस्ट से चमकाएं शीशा
शीशे के दाग वाले हिस्से पर थोड़ा-सा सफेद टूथपेस्ट लगाएं। इसके तुरंत बाद कपड़े से उसे साफ कर दें। इससे शीशा ज्यादा साफ और चमकदार दिखाई दे सकता है। खासतौर पर बाथरूम के शीशे पर जमे साबुन के निशान हटाने में यह तरीका मददगार हो सकता है।
सफाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान
शीशे की सफाई के लिए हमेशा मुलायम और साफ कपड़े का इस्तेमाल करें। इसे ज्यादा जोर से न रगड़ें। सफाई के बाद सूखे कपड़े से शीशे को पोंछना न भूलें।
डिस्क्लेमर: ये घरेलू तरीके सामान्य जानकारी के लिए बताए गए हैं। किसी भी उपाय को पूरे शीशे पर इस्तेमाल करने से पहले छोटे हिस्से पर जरूर जांच लें। शीशे की सतह या कोटिंग के अनुसार परिणाम अलग हो सकते हैं।



