उज्जैन। जिले में रिश्वतखोरी मामले में एक पशु चिकित्सक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने गाय के पोस्टमार्टम के एवज में 10 हजार रुपए के रिश्वत की मांग की थी। मामला उज्जैन जिले का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सरसाना बड़नगर तहसील निवासी फरियादी ने लोकायुक्त की टीम से शिकायत की थी। उसने अपनी शिकायत में बताया कि, इंगोरिया स्थित पशु चिकित्सा कार्यालय में पदस्थ डॉ मनमोहन सिंह पवैया ने गाय के पोस्टमार्टम करने को लेकर फरियादी से 10 हजार रुपए की मांग की।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए लोकायुक्त की टीम इंगोरिया पहुंची। जहां 9 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए डॉक्टर को पकड़ लिया गया। फिलहाल, आरोपी के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई जारी है। भ्रष्टाचार के विभिन्न अधिनियमों के तहत डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।


