टीआरपी डेस्क। मध्य प्रदेश के इंदौर में बिजली के पोल से पतंग उतारने के दौरान 9 वर्षीय बच्चा हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे बच्चे को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
घटना रविवार शाम चंदन नगर थाना क्षेत्र के नगीन नगर इलाके की है। हादसे में करीब 70 प्रतिशत झुलसे बच्चे की पहचान गोविंद के रूप में हुई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चा बिजली की लाइन से चिपका हुआ दिखाई दे रहा है और स्थानीय लोग उसे बचाने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय निवासी गौरव के अनुसार, गोविंद बिजली के पोल पर चढ़कर पतंग उतार रहा था, तभी वह अचानक हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। इस दौरान तेज धमाका हुआ और पटाखों जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को नीचे उतारकर तत्काल वाहन से एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया।
परिजनों के अनुसार, गोविंद के पिता मनीष मिस्त्री का काम करते हैं और मां प्रीति पटेल गृहिणी हैं। परिवार मूल रूप से विदिशा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में इंदौर में किराए के मकान में रह रहा था।
गौरतलब है कि इससे पहले भी धार रोड क्षेत्र में इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां 12 वर्षीय बच्चा हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। उस मामले में छत्रीपुरा पुलिस ने मर्ग कायम किया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने शहर में बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


