Bhopal Gas Pipeline Fire: भोपाल के छोला इलाके में शनिवार दोपहर मेट्रो निर्माण के दौरान भूमिगत थिंक पीएनजी लाइन में आग लग गई। घटना दोपहर करीब 12:30 बजे छोला ब्रिज के पास हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जेसीबी से खुदाई के दौरान गैस लाइन लीक हुई, जिसके बाद आग की लपटें करीब 10 फीट तक उठने लगीं। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। कंपनी से गैस लाइन बंद कराने के बाद आग पर काबू पाया गया।
जेसीबी से खुदाई के दौरान गैस लाइन में लीकेज
छोला ब्रिज के पास से थिंक गैस की भूमिगत पीएनजी लाइन गुजरती है। शनिवार दोपहर यहां मेट्रो का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि खुदाई के दौरान जेसीबी से गैस लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद वहां आग लग गई और लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। ब्रिज पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस और दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और लोगों को घटनास्थल से दूर किया। छोला फायर टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। फायर फाइटर पंकज यादव समेत टीम ने पानी की मदद से आग पर काबू पाया।
कंपनी से बंद कराई गैस लाइन
गैस लाइन में लीकेज के कारण लगी आग को पूरी तरह बुझाने के लिए थिंक कंपनी से लाइन बंद कराई गई। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका और लोगों ने राहत की सांस ली। बता दें कि, कुछ महीने पहले शाहपुरा थाने के सामने भी गैस लाइन में लीकेज की घटना हुई थी।



