Dhar Car Accident : मध्य प्रदेश के धार जिले में भीषण सड़क हादसे में 4 युवक की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। हादसा लेबड़-नयागांव फोरलेन पर सादलपुर की है। 25 अक्टूबर की रात खेरोद के बीच कार पुलिया के डिवाइडर से टकराकर नीचे गिर गई। इसके बाद कार में आग लग गई।
कार में पांच युवक सवार थे। सभी राजस्थान से सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार का इंजन बाहर निकल गया। जिससे कार में आग लग गई और सभी युवक कार के अंदर फंस गए। जिनकी जलकर मौत हो गई।
चार युवकों की मौत, एक घायल इंदौर रेफर
मृतकों की पहचान अंकुश उर्फ भीम (20), चेतन चौधरी (20), आदित्य उर्फ अनमोल तिवारी (19) और अभिषेक सोलंकी के तौर पर हुई है। हादसे में तुषार मंडलोई (20) घायल हुआ है। वह सागौर के माधोपुर का रहने वाला है। घायल युवक को प्राथमिक इलाज के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया। हादसे में कार बुरी तरह जल गई।
डायल 112 और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। कार में आग लगने की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। जिसकी मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी।
पुलिस ने चारों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए धार जिला अस्पताल भेजा है।
जयपुर में भी हुआ था ऐसा हादसा
23 अक्टूबर को राजस्थान के जयपुर जिले के रायसर में नेशनल हाईवे-148 पर कार हादसे की शिकार हो गई थी। इस हादसे में 4 युवक की मौत हुई थी। सभी आगरा के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, कार का टायर फटने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया था। कार में 6 दोस्त सवार थे, जो उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले थे और खाटूश्यामजी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे।



