इंदौर। ट्रांसपोर्टर राजा रघुवंशी हत्याकांड में शिलांग पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मास्टर माइंड सोनम रघुवंशी और राज कुशवाह से जुड़े लोगों से पूछताछ की. टीम ने बुधवार को दो युवकों को पूछताछ के लिए तलब किया। इसके अलावा, मर्डर से पहले खरीदे फोन की भी जांच पुलिस करवा रही है। शिलांग पुलिस सितंबर महीने में कोर्ट में चार्टशीट पेश करेगी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार की रात शिलांग की ईस्ट खासी हिल्स पुलिस की टीम इंदौर आई। 3 सदस्यीय टीम ने बताया कि राजा की हत्या के पहले सोनम और राज ने नए फोन खरीदे थे। इस संबंध में पुलिस ने जांच की और जेल रोड पहुंची। इसके बाद टीम ने भरत जाधव और अभिषेक मोरे को भी पूछताछ के लिए तलब किया।

कपड़ा दुकान और इलेक्ट्रानिक्स कॉम्पलेक्स में करते हैं काम

जहां भरत जाधव रिवर साइड रोड स्थित एक कपड़े की दुकान पर काम करता है। अभिषेक मोरे हीरानगर थाना क्षेत्र स्थित इलेक्ट्रानिक्स कॉम्पलेक्स में काम करता है। बताया जा रहा है कि, उनका आनंद, आकाश और विशाल से भी संपर्क रहा है। इतना ही नहीं, दोनों हत्या से पहले सोनम और राजा के संपर्क में थे। इस बारे में भी पुलिस ने पूछताछ की। पूछताछ के बाद एक युवक के पिता का कहना है कि, आनंद, आकाश और विशाल के साथ एक ही कॉलोनी में रहने के कारण दोनों के बीच परिचय हुआ था। उनका राजा मर्डर केस से कोई लेना देना नहीं है।

एक-एक सबूत इकट्ठा कर रही पुलिस

राजा रघुवंशी हत्याकांड में पुलिस की जांच जारी है। एक-एक सबूत इकट्ठे किए जा रहे हैं। इससे पहले शिलांग पुलिस उन सभी जगहों की तलाशी ले चुकी है, जहां सोनम, राज और हत्याकांड में शामिल उनके साथी रह रहे थे।