रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और मनरेगा से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में अनियमितताओं को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला, जिससे सदन में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

नेता प्रतिपक्ष ने प्रश्नकाल के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माण की प्रगति, शौचालय निर्माण की स्थिति और किस्त भुगतान की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि कहीं-कहीं बिना शौचालय निर्माण के ही मकान पूरे मान लिए गए हैं। इस पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सरकार का पक्ष रखते हुए बताया कि योजना की तीसरी किस्त ‘लेंटल लेवल’ पर जारी की जाती है और 90 दिनों के भीतर भुगतान कर दिया जाता है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर योजनाओं में लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया।

चरण दास महंत ने आगे दिव्यांग और अल्पसंख्यकों के लिए तय लाभार्थी प्रतिशत की जानकारी मांगी। जवाब में उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 5% दिव्यांगों और 14% अल्पसंख्यकों को प्राथमिकता के साथ लाभ दिया जा रहा है।

See also  प्रदेश भर में एक लाख से अधिक पड़े डाक मतपत्र : गिनती के लिए दिए गए विशेष दिशा-निर्देश, आरओ के टेबल में होगी गिनती

विपक्ष के तेवर उस समय और तीखे हो गए जब महंत ने आरोप लगाया कि कुछ जिलों में पीएम आवास योजना में पैसों के लेन-देन की शिकायतें हैं और उन्होंने पूछा कि क्या ऐसे जिलों के कलेक्टरों को निलंबित किया जाएगा। इस पर विजय शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में “सुशासन और सुदर्शन दोनों हैं”, और किसी के पास ठोस जानकारी हो तो जांच जरूर कराई जाएगी।

इसके बाद महंत ने मनरेगा भुगतान में देरी का मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि जशपुर और बीजापुर जैसे जिलों में काम होने के बावजूद पर्याप्त भुगतान नहीं किया गया। उपमुख्यमंत्री ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि 30 जून तक मजदूरी भुगतान कर दिया गया है और किसी भी अपुष्ट सूची की जांच की जाएगी।

हालात तब और बिगड़ गए जब उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस शासनकाल में योजनाओं की असफलताओं का हवाला देते हुए कहा कि “इनके शासन में तो खुद लाभार्थियों ने आवास लेने से इनकार किया था।” इस बयान से कांग्रेस विधायक भड़क गए और सदन में जमकर नारेबाजी होने लगी। अध्यक्ष को हस्तक्षेप कर शांति बनाए रखनी पड़ी।

See also  अलर्ट: अब सर्दी-जुकाम और बुखार ही नहीं ये दिक्कतें भी दिखे तो तुरंत कराएं कोरोना जांच

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।