टीआरपी डेस्क। Namo Bharat Train : नमो भारत रेल परियोजना अब अंतिम चरण में हैं। जो कि दिल्ली से मेरठ को जोड़ेगी। इस परियोजना की खासियत है कि, पहली बार मेट्रो और नमो भारत ट्रेन एक ही ट्रैक पर दौड़ेगी। राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम लिमिटेड (एनसीआरटीसी) ये प्रयोग मेरठ दक्षिण से मोदीपुरम डीपो के बीच करने जा रहा है। जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जल्द ही इस परियोजना का उद्घाटन कर सकते हैं।

दिल्ली से मोदीपुरम के बीच 82 किलोमीटर लंबे नमो भारत गलियारे में से 55 किलोमीटर तक नमो भारत ट्रेनों का परिचालन होगा। वहीं, मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर के ट्रैक पर काम जोरों से चल रहा है। 21 किलोमीटर के दायरे में तकरीबन 13 स्टेशन हैं। इनमें मेरठ साउथ, परतापुर, रिठानी, शताब्दी नगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैंसाली, बेगमपुल, एमईएस कॉलोनी, दौरली, मेरठ नॉर्थ, मोदीपुरम और मोदीपुरम डिपो शामिल हैं। इन स्टेशनों में से मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुर और मोदीपुरम चार स्टेशनों पर नमो भारत ट्रेन और मेट्रो दोनों रूकेंगी।

See also  खेल विकास प्राधिकरण समेत भूपेश सरकार ने लिए 10 अहम फैसले

उबर से समझौता

एनसीआरटीसी ने इससे पहले नमो भारत के यात्रियों को लास्ट माइल कनेक्टिविटी की बेहतर सुविधा देने के लिए उबर से एक समझौता किया है। इससे यात्रियों को नमो भारत कॉरिडोर के स्टेशनों और उनके गंतव्य तक आवागमन में असुविधा नहीं होगी।

एनसीआरटीसी के अनुसार, उबर से समझौते के बाद न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक नमो भारत के सभी स्टेशनों पर उबर की ओर से संचालित कैब, ऑटो और दोपहिया वाहन उपलब्ध रहेंगे। स्टेशनों पर पिक-अप और ड्रॉप के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं।

कॉरिडोर के शेष हिस्सों पर भी नमो भारत ट्रेन का परिचालन शुरू होने के बाद कॉरिडोर के सभी 25 स्टेशनों पर यह सुविधा उपलब्ध होगी। यात्रियों को किराए पर छूट की सुविधा भी मिल सकती है। एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने इसे लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम बताया है।