टीआरपी डेस्क। एक्ट्रेस के चक्कर में तीन आईपीएस अफसरों की छुट्टी हो गयी है। तीनों IPS सीनियर रैंक के अधिकारी है। मामला आंध्र प्रदेश का है, वहीं एक्ट्रेस व मॉडल मुंबई की है।

आंध्र प्रदेश सरकार ने तीन सीनियर आईपीएस अधिकारियों को अभिनेत्री कादंबरी जेठवानी के मामले में संलिप्तता के आरोप में निलंबित कर दिया है। मुंबई की अभिनेत्री और मॉडल कादंबरी ने आरोप लगाया था कि इन अधिकारियों ने उनके खिलाफ उचित जांच किए बिना जल्दबाजी में कार्रवाई की और उन्हें परेशान किया।

डीजी रैंक के अधिकारी भी शामिल

निलंबित अधिकारियों में डीजी रैंक के पूर्व खुफिया प्रमुख पी. सीताराम अंजनेयुलु, विजयवाड़ा के पूर्व पुलिस आयुक्त कांथी राणा टाटा (आईजी रैंक) और तत्कालीन पुलिस उपायुक्त विशाल गुन्नी (एसपी रैंक) शामिल हैं। अभिनेत्री ने इन पुलिस अधिकारियों पर झूठे मामले में फंसाने और धमकाने के आरोप लगाए हैं।

अभिनेत्री पर दबाव बनाने के आरोप

कादंबरी जेठवानी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान इन पुलिस अधिकारियों ने उन्हें धमकाया था कि अगर उन्होंने मुंबई के एक निगम अधिकारी के खिलाफ दर्ज मामला वापस नहीं लिया, तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इसके बाद, अभिनेत्री को इस साल की शुरुआत में धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

See also  मार्च माह से लगेगा 50 साल से ज्यादा उम्र वाले और गंभीर रोगों से ग्रस्त लोगों को कोरोना टीका

जांच से पहले ही दिए गए थे निर्देश

आरोप है कि खुफिया प्रमुख अंजनेयुलु ने एफआईआर दर्ज होने से पहले ही अन्य अधिकारियों को अभिनेत्री की गिरफ्तारी के निर्देश दे दिए थे। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, कादंबरी जेठवानी के खिलाफ एफआईआर 2 फरवरी को सुबह 6:30 बजे दर्ज की गई थी, जबकि अधिकारियों को 31 जनवरी को ही गिरफ्तारी के आदेश दिए गए थे।

इस मामले में राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए तीनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया है, जिससे पुलिस विभाग में हलचल मच गई है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।