सुशांत सिंह राजपूत के 5 रिश्तेदारों की सड़क हादसे में मौत, 4 गंभीर रूप से घायल

टीआरपी डेस्क। बिहार के लखीसराय जिले में मंगलवार की सुबह-सुबह एक सड़क हादसे में छह लोगों की जान चली गई। जबकि चार अन्‍य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मरने वालों में से पांच लोग मृतक फिल्‍म स्टार सुशांत सिंह राजपूत के रिश्‍तेदार बताए जा रहे हैं। उनके साथ कार ड्राइवर की भी मौत हुई है। मिली जानकारी के अनुसार हादसे के शिकार लोगों में से एक हरियाणा में एडीजीपी के पद पर तैनात सुशांत के बहनोई के बहनोई थे। दो भगिना और दो अन्य रिश्तेदार भी मरने वालों में शामिल हैं।

हलसी थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में शेखपुरा-सिकंदरा मार्ग पर मंगलवार की सुबह 6.10 बजे यह हादसा हुआ है। इसमें छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ट्रक और टाटा सूमो की टक्कर में सूमो सवार लोगों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेजा गया है। वहीं घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार की सुबह जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र के सकदाहा भंडरा के लोग पटना से लौट रहे थे।

सभी हादसे में मारे गए लालजीत सिंह की पत्‍नी के दाह संस्‍कार में शामिल होने पटना गए थे। परिवार के कुल 15 लोग दो वाहनों से वहां से लौट रहे थे। उनमें से एक टाटा सुमो हादसे की शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि सिंकदरा-शेखपुर मुख्‍य मार्ग पर स्थित पिपरा गांव के पास पहुंचते ही एलपीजी सिलेंडर से लदे ट्रक से टाटा सुमो की आमने-सामने की टक्‍कर हो गई। ट्रक, पटना की ओर जा रहा था जबकि टाटा सुमो में सवार लोग जमुई खैरा लौट रहे थे।

हादसे में मारे गए लोग

लालजीत सिंह, भगिना नेमानी सिंह उर्फ अमित शंकर, रामचंद्र सिंह, भगिना देवी देवी, अनीता देवी और ड्राइवर चेतन कुमार शामिल हैं। वहीं बाल्मीकि सिंह और प्रसाद कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें सिकंदरा में प्राथमिक इलाज के बाद विशेष इलाज के लिए पटना भेज दिया गया है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू और वॉट्सएप, पर
…

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।