टीआरपी डेस्क। प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को बिहार की राजनीति में बड़ा झटका लगा है। भोजपुरी गायक और करगहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके रितेश पांडेय ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

रितेश पांडेय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर उन्होंने जन सुराज से जुड़कर लोकतंत्र के महापर्व में भाग लिया। चुनाव परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहे, लेकिन उन्हें इसका कोई अफसोस नहीं है क्योंकि उन्होंने पूरी ईमानदारी से प्रयास किया।

उन्होंने जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि एक साधारण किसान परिवार से आने के बावजूद लोगों ने उन्हें जो प्यार और सम्मान दिया, वह उनके लिए बहुत बड़ा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी राजनीतिक दल के सक्रिय सदस्य के रूप में काम करना उनके लिए काफी मुश्किल हो गया था, इसी कारण उन्होंने जन सुराज पार्टी छोड़ने का फैसला किया।

गौरतलब है कि रितेश पांडेय ने 18 जुलाई 2025 को जन सुराज की सदस्यता ली थी। इसके बाद उन्होंने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में रोहतास जिले की करगहर सीट से किस्मत आजमाई थी। चुनाव में उन्हें 16,298 वोट मिले थे, जबकि जदयू प्रत्याशी वशिष्ठ सिंह ने 92,485 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।