रायपुर। देशभर के अन्नदाताओं के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों के लिए आज शनिवार, 20 जून का दिन बेहद खास होने जा रहा है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर ठीक 3.45 बजे पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करने वाले हैं। डीबीटी (DBT) यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से देश के 9.44 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में 2-2 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।

पश्चिम बंगाल के हुगली से जारी होगी किस्त

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं, और वे आज हुगली जिले के तारकेश्वर से इस भव्य कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। दोपहर पौने चार बजे जैसे ही पीएम मोदी सिंगल क्लिक करेंगे, वैसे ही पैसे ट्रांसफर होने शुरू हो जाएंगे।

दूसरी तरफ, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर वीडियो जारी कर बताया है कि वे आज राजस्थान के बाड़ी में मौजूद रहेंगे। वहां देशव्यापी ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ के तहत जन कल्याण शिविर लगाया जा रहा है, जहां किसानों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट निपटारा होगा।

छत्तीसगढ़ के रायपुर-बिलासपुर के किसानों को ऐसे मिलेगा अलर्ट मैसेज

किस्त जारी होने के तुरंत बाद योजना से जुड़े लाभार्थियों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक विशेष मैसेज भेजा जाता है। रायपुर, बिलासपुर, भिलाई और जगदलपुर समेत प्रदेश के तमाम जिलों के नोडल दफ्तरों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस मैसेज में स्पष्ट लिखा होगा कि आपके बैंक खाते में 2,000 रुपये की राशि सफलतापूर्वक जमा कर दी गई है। अगर आपके पास मैसेज न आए, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है, सीधे अपना बैंक स्टेटमेंट चेक कर सकते हैं।

अपात्र लोगों पर प्रशासन की नजर, ऐसे चेक करें अपना स्टेटस

बता दें कि पीएम किसान योजना का पैसा सिर्फ उन्हीं किसानों को मिलता है जो इसके पूरी तरह पात्र हैं। अगर किसी ने अपात्र होने के बाद भी गलत तरीके से आवेदन किया है, तो प्रशासन ऐसे लोगों की पहचान कर उनके आवेदन को तुरंत रद्द कर रहा है।

आप इस लिस्ट में शामिल हैं या नहीं, इसे चेक करने का तरीका बेहद आसान है:

  • सबसे पहले योजना के आधिकारिक पोर्टल pmkisan.gov.in पर जाएं।
  • वहां होम पेज पर दिख रहे Beneficiary List वाले विकल्प पर क्लिक करें।
  • अब अपना राज्य (छत्तीसगढ़), फिर जिला, उप-जिला, ब्लॉक और अपने गांव का नाम ध्यान से चुनें।
  • आखिरी में Get Report पर क्लिक करते ही आपके गांव के लाभार्थियों की पूरी लिस्ट स्क्रीन पर आ जाएगी।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।