टीआरपी डेस्क। असम से एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आ रही है। असम के जोरहाट स्थित भारतीय वायुसेना (IAF) के एयरफोर्स स्टेशन पर लैंडिंग के दौरान वायुसेना का एक AN-32 मालवाहक (ट्रांसपोर्ट) विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस भीषण हादसे के बाद सैन्य महकमे और प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया है।

लैंडिंग के वक्त अनियंत्रित हुआ विमान

मिली जानकारी के मुताबिक, यह AN-32 विमान रूटीन लॉजिस्टिक्स (आपूर्ति सामग्री) के परिवहन और सैनिकों की रसद सामग्री पहुंचाने के मिशन पर था। हादसा उस वक्त हुआ जब विमान वापस जोरहाट एयरबेस पर उतरने (Landing) का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान रनवे के समीप तकनीकी खराबी या अन्य अज्ञात कारणों से विमान क्रैश हो गया।

बचाव दल मौके पर, कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश

हादसे की सूचना मिलते ही वायुसेना के आपातकालीन राहत दल, फायर टेंडर्स और चिकित्सा टीमों को तुरंत दुर्घटनास्थल पर रवाना कर दिया गया। मौके पर तेजी से बचाव और राहत कार्य चलाया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ (विस्तृत जांच) के आदेश दे दिए गए हैं। जांच प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और ब्लैक बॉक्स (FDR/CVR) मिलने के बाद ही साफ हो पाएगा कि हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या इसके पीछे खराब मौसम या कोई अन्य वजह थी।

AN-32 विमान

AN-32 (Antonov-32) सोवियत मूल का ट्विन-इंजन टैक्टिकल ट्रांसपोर्ट विमान है, जिसे भारतीय वायुसेना पिछले कई दशकों से दुर्गम और पहाड़ी इलाकों में रसद, भारी सामग्री और सैनिकों को पहुंचाने के लिए इस्तेमाल कर रही है। हालांकि, पूर्वोत्तर के चुनौतीपूर्ण मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पहले भी इस क्षेत्र में विमान हादसों की खबरें सामने आती रही हैं।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।