Air India Plane Crash: हाल ही में अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया विमान हादसे ने यात्रियों के मन में गहरा असर डाला है। इस दर्दनाक दुर्घटना में विमान में सवार 242 में से 241 यात्रियों की मौत हो गई। इसके बाद से लोगों में विमान सुरक्षा को लेकर चिंताएँ बढ़ गई हैं। अब बड़ी संख्या में यात्री टिकट बुक करने से पहले उस विमान के मॉडल की जानकारी जुटा रहे हैं।

सर्वे में सामने आई नई प्रवृत्ति

लोकल सर्कल्स द्वारा कराए गए एक सर्वे के मुताबिक, अब देश के 40 प्रतिशत से अधिक यात्री टिकट बुकिंग से पहले एयरलाइंस द्वारा उपयोग किए जा रहे विमान के मॉडल की जांच कर रहे हैं। इस सर्वे में देश के 294 जिलों से 40 हजार से अधिक प्रतिक्रियाएं मिलीं।

2022 में ऐसा करने वाले यात्रियों का आंकड़ा महज 10 प्रतिशत था, लेकिन अहमदाबाद हादसे के बाद यह संख्या बढ़कर 41 प्रतिशत पहुँच गई है।

See also  RBI Repo Rate: नहीं बढ़ेगी EMI, ब्याज दरें 6.5 प्रतिशत पर बरकरार

बोइंग 787-8 पर रोक लगाने की मांग

सर्वे में यह भी सामने आया है कि यात्रियों के बीच बोइंग 787-8 विमान को लेकर आशंका गहरा गई है। बड़ी संख्या में लोगों ने इसके संचालन पर रोक लगाने की मांग की है। एअर इंडिया की दुर्घटना के बाद दुनिया भर से इस विमान मॉडल को लेकर कई घटनाओं की रिपोर्ट आई है, जिससे यात्रियों की चिंता और बढ़ गई है।

सर्वे में शामिल 56 प्रतिशत यात्रियों का मानना है कि जब तक सभी सुरक्षा मुद्दों की जांच और समाधान नहीं हो जाते, तब तक सरकार को बोइंग 787-8 के उड़ान संचालन पर रोक लगानी चाहिए। वहीं 34 प्रतिशत लोगों का मानना है कि ठोस सबूतों के बिना इस विमान को उड़ान से नहीं हटाना चाहिए।

यात्री टिकट बुक करते समय किन बातों पर ध्यान दे रहे?

सर्वे में यह भी पता चला कि अब यात्री टिकट बुकिंग के समय कई नए पहलुओं पर ध्यान दे रहे हैं:

  • 73% लोग सबसे पहले किराए को ध्यान में रखते हैं
  • 64% यात्री एयरलाइन की विश्वसनीयता पर ध्यान देते हैं
  • 59% लोग उड़ान के समय को प्राथमिकता देते हैं
  • 5% यात्रियों ने इस सवाल का स्पष्ट उत्तर नहीं दिया
See also  महुआ मोइत्रा पर एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट पेश, सांसद ने कहा- अब महाभारत का युद्ध देखेंगे

विश्वास कैसे लौटेगा?

विशेषज्ञों का कहना है कि यात्रियों का भरोसा फिर से बहाल करने के लिए DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) को देश में परिचालनरत सभी 33 बोइंग 787-8 विमानों की पूरी तरह से जाँच करनी होगी। इसके साथ ही पिछले वर्ष एअर इंडिया द्वारा अपनाए गए रखरखाव के तरीकों का भी गहन मूल्यांकन किया जाना चाहिए।

इन्हीं जांचों के आधार पर यह तय होगा कि एअर इंडिया का बोइंग 787-8 बेड़ा दोबारा उड़ान के लिए पूरी तरह सुरक्षित है या नहीं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।