टीआरपी डेस्क। पंजाब पुलिस ने बीते 24 घंटों में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यूट्यूबर को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रूपनगर जिले के महालन गांव निवासी जसबीर सिंह के रूप में हुई है, जो ‘जान महल’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाता था।

डीजीपी गौरव यादव ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जानकारी देते हुए बताया कि स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) ने मोहाली से आरोपी को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जसबीर, PIO शाकिर उर्फ जट्ट रंधावा के संपर्क में था और एक आतंक-समर्थित जासूसी नेटवर्क का हिस्सा है।

ज्योति मल्होत्रा और पाक अधिकारी से था संपर्क

जसबीर सिंह, हरियाणा के हिसार से गिरफ्तार की गई यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के भी संपर्क में था, जिसकी गिरफ्तारी हाल ही में पाक एजेंसी से संबंधों के चलते हुई थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जसबीर, ज्योति के माध्यम से पाकिस्तानी उच्चायोग के निष्कासित अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश तक पहुंचा था।

पुलिस ने जसबीर के मोबाइल से आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और कुछ संदिग्ध नंबर बरामद किए हैं, जिनमें कई पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से जुड़े लोगों के नंबर भी शामिल हैं। आरोपी ने ये नंबर अलग-अलग नामों से सेव कर रखे थे, ताकि संदेह न हो।

आज कोर्ट में पेशी, रिमांड की तैयारी

जसबीर सिंह को आज मोहाली जिला अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस रिमांड लेकर उससे पूछताछ करेगी, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके। पुलिस का मानना है कि यह अकेला नहीं है और इसके पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा हो सकता है।

पंजाब पुलिस को खुफिया विभाग से इस मामले में इनपुट मिले थे, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। अब केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी पूछताछ में शामिल होंगी।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।