टीआरपी डेस्क। पुरी के ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर पर आतंकी हमले की धमकी मिली है। मां बुढ़ी ठाकुराणी मंदिर की दीवार पर दो पोस्टर मिले हैं जिनमें ओड़िया भाषा में आतंकी हमले की धमकी दी गई है।

पुलिस का कहना है कि इन पोस्टरों में लिखा गया है कि आतंकवादी मंदिर को ध्वस्त कर देंगे। स्थानीय निवासी के अनुसार पोस्टर पर कई फोन नंबरों के साथ पीएम मोदी और दिल्ली जैसे शब्द भी लिखे गए हैं, जिससे मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है।

पुरी के एसपी पिनाक मिश्रा ने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और इसे बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि यह पोस्टर मंगलवार रात को लगाया गया होगा। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और पुलिस टीमें धमकी देने वालों का सुराग लगाने में जुट गई हैं। घटना के बाद से मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। नए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और अतिरिक्त सुरक्षा गार्डों की तैनाती भी की गई है।

पुरी का जगन्नाथ मंदिर देश के चार धामों में से एक है और धार्मिक आस्था का केंद्र माना जाता है। 12वीं सदी में निर्मित यह मंदिर हर साल लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित इस स्थल पर रथ यात्रा जैसे भव्य पर्वों का आयोजन होता है। ऐसे में इस तरह की धमकी ने प्रशासन और श्रद्धालुओं दोनों की चिंता बढ़ा दी है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।