टीआरपी डेस्क। कुवैत अग्निकांड में मारे गए 45 भारतीयों के पार्थिव शरीर भारत लाए गए हैं। शवों को विशेष विमान से कोच्चि एयरपोर्ट लाया गया, जहां पहले से एंबुलेंस तैनात थी। पार्थिव शरीर कोच्चि हवाई अड्डे पर पहुंचने पर एर्नाकुलम रेंज के डीआईजी पुट्टा विमलादित्य ने कहा कि हमने शवों को प्राप्त करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले ही कर ली थी।

डीआईजी ने कहा कि हमने पीड़ितों के परिवार के सदस्यों के साथ समन्वय किया है। शव प्राप्त होने के बाद उन्हें उचित तरीके से संबंधित स्थानों पर ले जाया जाएगा। बता दें कि 23 शव केरल के हैं, 7 तमिलनाडु के और 1 कर्नाटक का है। प्रत्येक शव के लिए एक समर्पित वाहन उपलब्ध कराया गया है।

उधर, केरल के राजस्व मंत्री के. राजन कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां कुवैत में आग की घटना में 45 भारतीयों के पार्थिव शरीर को लेकर भारतीय वायुसेना का विशेष विमान पहुंचा।

केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी भी कोच्चि एयरपोर्ट पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यह त्रासदी इतनी बड़ी है कि यह प्रवासी समुदाय पर आघात है। उन्होंने कहा कि इन्हीं लोगों ने केरल की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में मदद की। व्यक्तिगत क्षति हर घर की है जो इस त्रासदी से प्रभावित हुआ है। सुरेश गोपी ने कहा कि भारत सरकार उचित कार्रवाई और निर्णय लेगी और बहुत उचित राहत प्रदान करेगी।

बता दें कि कुवैत के अहमदी प्रांत के दक्षिणी मंगाफ की एक इमारत में लगी भीषण आग में 49 लोगों की मौत हो गई थी। इसमें 45 भारतीयों की जान गई, जिनके शव अब भारत लाए गए।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।