टीआरपी डेस्क। पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की मौत के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हालात तनावपूर्ण हो गए थे। इस हमले के जवाब में भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में आतंकियों के ठिकानों पर सटीक और निर्णायक हमले किए। इसके बाद पाकिस्तान की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमले हुए, जिन्हें भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने नाकाम कर दिया।

अब भले ही सीजफायर की घोषणा हो चुकी हो, लेकिन भारत ने साफ कर दिया है कि पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखने के लिए लिए गए फैसले वापस नहीं लिए जाएंगे।

भारत के ये 6 सख्त फैसले अभी भी प्रभावी

  1. सिंधु जल संधि का निलंबन
    विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि युद्धविराम समझौते में कोई पूर्व शर्त नहीं है और सिंधु जल संधि को स्थगित ही रखा जाएगा।
  2. एकीकृत चेक पोस्ट (ICP) रहेगा बंद
    अटारी-वाघा बॉर्डर पर स्थित ICP पूरी तरह बंद रहेगा। सीमावर्ती आवाजाही फिलहाल पूरी तरह रोक दी गई है।
  3. व्यापारिक प्रतिबंध यथावत
    पाकिस्तान से सभी तरह के आयात प्रतिबंधित रहेंगे, चाहे वे सीधे हों या किसी तीसरे देश के माध्यम से। पाकिस्तानी जहाजों को भारतीय बंदरगाहों में प्रवेश नहीं मिलेगा और भारतीय जहाजों पर भी पाकिस्तानी बंदरगाहों में जाने की रोक जारी रहेगी।
  4. एयरस्पेस पर पाबंदी
    पाकिस्तान की ओर से आने-जाने वाली या पाकिस्तानी वायुक्षेत्र से गुजरने वाली उड़ानों के लिए भारत का हवाई क्षेत्र बंद रहेगा। यह कदम 30 अप्रैल से प्रभावी है।
  5. पाकिस्तानी कलाकारों और कंटेंट पर प्रतिबंध
    सभी पाकिस्तानी अभिनेता, कलाकार और डिजिटल कंटेंट (वेब सीरीज़, गाने, पॉडकास्ट आदि) पर प्रतिबंध जारी रहेगा। सभी भारतीय ओटीटी और मीडिया प्लेटफॉर्म्स को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
  6. वीज़ा सेवाएं निलंबित
    पाकिस्तानी नागरिकों के लिए सभी वीज़ा सेवाएं अभी भी निलंबित हैं। पहले से भारत में मौजूद पाकिस्तानी नागरिकों को 27 अप्रैल तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया था। मेडिकल वीज़ा की अवधि भी 29 अप्रैल को समाप्त कर दी गई थी।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।