टीआरपी। Kabaddi Championship : हरियाणा में आयोजित 35वीं सब-जूनियर नेशनल कबड्डी चौंपियनशिप में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों ने उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव से मुलाकात की। उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि 35वीं सब-जूनियर नेशनल कबड्डी चौंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।


उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के संघर्ष, मेहनत और अनुशासन की सराहना की तथा आगामी प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीतने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप राशि प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य कबड्डी संघ के अध्यक्ष शशिकांत बघेल, कोच आशीष मिश्रा और मैनेजर पीतांबर सिंह पोर्ते सहित अन्य पदाधिकारियों ने टीम की तैयारियों और प्रदर्शन से संबंधित जानकारी साझा की।


उल्लेखनीय है कि भारतीय कबड्डी संघ के तत्वावधान में हरियाणा राज्य कबड्डी संघ द्वारा 27 से 30 नवम्बर तक आयोजित अंडर-16 राष्ट्रीय कबड्डी स्पर्धा में छत्तीसगढ़ की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पुल-एफ में शामिल टीम ने लीग मैचों में पांडिचेरी, विदर्भ और तमिलनाडु को बड़े अंतर से पराजित करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद साई की टीम और सेमीफाइनल में राजस्थान को रोमांचक मुकाबले में हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में हरियाणा से कड़े संघर्ष में हार का सामना करना पड़ा। खिलाड़ियों के चयन और तैयारी के लिए बालकों का कोचिंग कैंप बिलासपुर तथा बालिकाओं का कैंप पेंड्रा में आयोजित किया गया था। इन कैंपों का सकारात्मक असर टीम के प्रदर्शन में देखने को मिला।

See also  नक्सलवाद के खात्मे के लिए अमित शाह की बैठक शुरू, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल


35वीं सब-जूनियर नेशनल कबड्डी चौंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की टीम के नवीन साहू और शिवा खैरवार ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया। टीम के अन्य खिलाड़ियों भूषण पटेल, बिरजू चौहान, निखिल कुमार, मौलिक कुमार, सुंदरपाल सिंह, प्रेमलाल, सागर देवेंद्र, तुषार देवांगन, श्रीराम मरावी, कुमार जंघेल, दीपक कोल, भुवन भास्कर जगत और विमलेश ने भी शानदार खेल दिखाया।

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।