टीआरपी डेस्क। देशभर में कोरोना वायरस एक बार फिर से चिंता का विषय बनता जा रहा है। महाराष्ट्र के ठाणे शहर से कोरोना से मौत की पहली खबर सामने आई है, जहां 21 वर्षीय एक युवक ने संक्रमण के चलते दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार युवक गंभीर मधुमेह (डायबिटीज) से पीड़ित था और 22 मई को उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अगले ही दिन उसका कोरोना टेस्ट पॉज़िटिव आया और 23 मई को उसकी मौत हो गई।

महाराष्ट्र में फिर बढ़ने लगे एक्टिव केस

ठाणे नगर निगम के अनुसार, यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 56 तक पहुंच चुकी है। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय भी स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है।

नोएडा में भी मिला नया केस, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) में भी कोरोना का एक नया केस सामने आया है। 55 वर्षीय महिला की रिपोर्ट RT-PCR टेस्ट के बाद पॉज़िटिव आई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने सभी जरूरी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

देशभर में फिर से बढ़ने लगे कोरोना के मामले

कोरोना के मामले अब सिर्फ महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं हैं। छत्तीसगढ़ में भी हाल ही में एक संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि भले ही इस बार संक्रमण का स्वरूप पहले जैसा घातक नहीं दिख रहा हो, लेकिन गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह खतरनाक साबित हो सकता है।

क्या करें, क्या न करें

  • हल्के लक्षण दिखने पर तुरंत टेस्ट कराएं
  • बुजुर्ग और बीमार लोगों के संपर्क में सतर्कता रखें
  • सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनने और हाथों की सफाई की आदत दोबारा शुरू करें
  • किसी भी अफवाह से बचें, स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन का पालन करें

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।