टीआरपी डेस्क। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने अभिनेत्री संस्थापिका दीपिका पादुकोण को देश का पहला “मेंटल हेल्थ एम्बेसडर” नियुक्त किया है। यह पहल देश में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को मानसिक समस्याओं के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

दीपिका ‘लीव लव लाफ’ नाम की संस्था भी चलाती है। उनकी संस्था अब मंत्रालय के साथ मिलकर मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ व प्रभावी बनाने के लिए कार्य करेगी। दो दिन पहले ही दीपिका ने दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की थी, जहां दोनों ने इस सहयोग को औपचारिक रूप दिया।

जेपी नड्डा ने कहा कि दीपिका पादुकोण के साथ साझेदारी भारत में मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने, संवाद को प्रोत्साहित करने और इसे सार्वजनिक स्वास्थ्य के एक महत्वपूर्ण घटक के रूप में स्थापित करने में सहायक होगी।

दीपिका पादुकोण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि वह मंत्रालय के साथ मिलकर देश में मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने की दिशा में कार्य करेंगी।

गौरतलब है कि दीपिका की संस्था ‘लीव लव लाफ’ पिछले एक दशक से ग्रामीण समुदायों में मानसिक स्वास्थ्य पर कार्य कर रही है। अब तक आठ राज्यों के 15 जिलों में इस संस्था ने 21,931 से अधिक मानसिक रोगियों और उनके देखभालकर्ताओं की मदद की है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।