टीआरपी डेस्क। राजधानी दिल्ली में सोमवार को जबरदस्त कोहरा देखने को मिला। सुबह करीब 9.40 बजे दिल्ली और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा और धूप का नामोनिशान नहीं था। सुबह से ही बेहद खराब दृश्यता बनी हुई है, जिसका सीधा असर हवाई और रेल यातायात पर पड़ रहा है।

घने कोहरे के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संचालित होने वाली कई उड़ानें देरी से चल रही हैं। वहीं देश के अलग-अलग हिस्सों से दिल्ली आने वाली 100 से अधिक ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। इनमें कुछ ट्रेनें 10 घंटे से ज्यादा विलंब से चल रही हैं, जबकि कुछ ट्रेनों को डायवर्टेड रूट से संचालित किया जा रहा है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने हवाई यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में घने कोहरे के कारण कुछ हवाई अड्डों पर उड़ान संचालन प्रभावित हो सकता है, जिससे देरी संभव है। यात्रियों को एयरलाइन के आधिकारिक माध्यमों से अपडेट लेते रहने, एयरपोर्ट समय से पहले पहुंचने और अतिरिक्त समय को ध्यान में रखकर यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।

See also  PNB scam Mehul Choksi Arrested: 13,850 करोड़ का भगोड़ा हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी बेल्जियम में गिरफ्तार

सोमवार को दिल्ली में घने कोहरे के साथ जहरीली धुंध के कारण दृश्यता में भारी गिरावट दर्ज की गई। पूरे शहर पर धुंध की परत छाई हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 459 दर्ज किया गया है, जो गंभीर श्रेणी में आता है।

रेलवे के अनुसार, देरी से चलने वाली ट्रेनों में साधारण एक्सप्रेस के साथ वंदे भारत एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस और हमसफर एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनें भी शामिल हैं। खराब दृश्यता के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देरी या डायवर्ट की गई ट्रेनों की जानकारी के लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर सकते हैं।