टीआरपी डेस्क। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर इस समय अमेरिका के दौरे पर हैं। वहां उन्होंने राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया और अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रुबियो के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की।

पिछले साल से पाकिस्तान के साथ कोई चर्चा नहीं

बुधवार को जयशंकर ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान के साथ व्यापार को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है। एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा, “पिछले साल के बाद से पाकिस्तान के साथ व्यापार पर कोई बातचीत नहीं हुई है, न ही उनकी ओर से इस संबंध में कोई पहल हुई है।” जयशंकर ने यह भी बताया कि भारत ने कभी पाकिस्तान के साथ व्यापार बंद नहीं किया था। यह निर्णय 2019 में पाकिस्तान की सरकार ने लिया था।

पाकिस्तान ने भारत को MFN का दर्जा नहीं दिया

जयशंकर ने कहा, “हमारी हमेशा से इच्छा थी कि भारत को ‘मोस्ट फेवर्ड नेशन’ (MFN) का दर्जा मिले। भारत ने पाकिस्तान को यह दर्जा दिया हुआ था, लेकिन उन्होंने हमें यह सुविधा नहीं दी।”

See also  जानें क्या होता है वीआईपी नंबर प्लेट? इसे लेकर क्यों है लोगों के बीच है क्रेज

गौरतलब है कि अगस्त 2019 में, भारत द्वारा संविधान के अनुच्छेद 370 को हटाए जाने के बाद, पाकिस्तान की तत्कालीन इमरान खान सरकार ने सभी द्विपक्षीय व्यापार बंद कर दिया था। इसके साथ ही पाकिस्तान ने भारत के साथ अपने राजनयिक संबंध भी घटा दिए थे।

क्या है ‘मोस्ट फेवर्ड नेशन’ (MFN)?

MFN का मतलब है “सर्वाधिक पसंदीदा राष्ट्र”। यह एक अंतरराष्ट्रीय व्यापार का सिद्धांत है, जिसमें सदस्य देश अपने व्यापारिक साझेदारों के साथ समान व्यवहार करते हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।