नई दिल्ली। ऑनलाइन सट्टेबाजी एप 1xBet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा समेत कई फिल्मी हस्तियों की करोड़ों रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से जब्त कर ली हैं।

ED ने 1xBet केस में नए प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर जारी करते हुए जिन लोगों की संपत्तियां अटैच की हैं, उनमें युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, अभिनेता सोनू सूद, पूर्व सांसद व अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती, अंकुश हाजरा और नेहा शर्मा शामिल हैं।

एजेंसी के अनुसार, युवराज सिंह की करीब 2.5 करोड़ रुपये, रॉबिन उथप्पा की 8.26 लाख रुपये, उर्वशी रौतेला से जुड़ी 2.02 करोड़ रुपये, सोनू सूद की 1 करोड़ रुपये, मिमी चक्रवर्ती की 59 लाख रुपये, अंकुश हाजरा की 47.20 लाख रुपये और नेहा शर्मा की 1.26 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की गई हैं।

ED का कहना है कि यह जांच कथित अवैध ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म से जुड़ी है, जिन पर निवेशकों से ठगी और बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी के आरोप हैं। जांच एजेंसी यह भी खंगाल रही है कि प्रचार और प्रमोशन के जरिए इन हस्तियों को कितनी रकम का भुगतान किया गया और उसका स्रोत क्या था।

See also  WhatsApp Pay भारत में जल्द होगा लॉन्च , Google Pay और Paytm को मिलेगी टक्कर

आज की कार्रवाई में ईडी ने कुल 7.93 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की हैं। इससे पहले इसी मामले में शिखर धवन से जुड़ी 4.55 करोड़ रुपये और सुरेश रैना से संबंधित 6.64 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं। इसके साथ ही 1xBet मामले में अब तक अटैच की गई संपत्तियों का कुल आंकड़ा 19.07 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

हालांकि, कंपनी की ओर से दावा किया गया है कि 1xBet एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त बेटिंग प्लेटफॉर्म है और पिछले 18 वर्षों से बेटिंग इंडस्ट्री में काम कर रहा है। कंपनी के अनुसार, उसके प्लेटफॉर्म पर हजारों खेल आयोजनों पर दांव लगाने की सुविधा है और इसकी वेबसाइट व ऐप 70 भाषाओं में उपलब्ध हैं। ईडी ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे और भी कार्रवाई हो सकती है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।