टीआरपी डेस्क। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ हैदराबाद में सिटी पुलिस ने केस दर्ज किया है। हैदराबाद लोकसभा क्षेत्र की उम्मीदवार के. माधवी लता, जी किशन रेड्डी, टी यमन सिंह और राजा सिंह सहित अन्य भाजपा नेताओं के नाम भी एफआईआर में शामिल है।

आरोप है कि अमित शाह के मंच पर बच्चे नजर आए थे। बच्चों का चुनावी रैली में उपयोग करने के लिए आदर्श आचार संहिता का कथित उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है।

हैदराबाद पुलिस ने यह मामला तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष निरंजन रेड्डी की शिकायत पर दर्ज किया। निरंजन रेड्डी ने दावा किया कि 1 मई को लालदावाजा से सुधा टॉकीज तक भाजपा की रैली में गृह मंत्री अमित शाह सहित कई भाजपा नेताओं ने हिस्सा लिया था। मंच पर शाह के साथ कुछ बच्चे भी नजर आए।

चुनाव आयोग ने हैदराबाद पुलिस आयुक्त श्रीनिवास रेड्डी को घटना की जांच करने का आदेश दिया। सीपी के आदेश पर साउथ जोन डीसीपी स्नेहा मेहरा ने जांच की और मामला दर्ज किया। मुगलपुरा पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया और आगे की जांच कर रही है।

See also  सीएम हाउस में बेटी की शादी को लेकर घिरे केजरीवाल और भगवंत मान, बीजेपी-कांग्रेस ने कसा तंज

बता दें कि बीजेपी ने मौजूदा सांसद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ हैदराबाद से माधवी लता को मैदान में उतारा है। हैदराबाद में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 13 मई को मतदान होने हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।