टीआरपी डेस्क। आंध्र प्रदेश से बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के कोनासीमा जिले में ONGC के एक चालू तेल कुएं से गैस लीक की घटना के बाद पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। जिसके बाद पूरे गांव को खाली कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार राजोल क्षेत्र के इरुसुमंडा गांव स्थित कुएं में मरम्मत कार्य के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद कच्चे तेल के साथ भारी मात्रा में गैस बाहर निकलने लगी।

दरअसल कुछ समय के लिए प्रोडक्शन बंद रहने के बाद कुएं में वर्कओवर रिग के जरिए मरम्मत का काम कराया जा रहा था। मरम्मत के दौरान एक जौरदार धमाका हुआ और कच्चे तेल के साथ मिली हुई गैस भारी मात्रा में मिली और हवा में बहुत ऊपर तक चली गई। यह तेल का कुआं कोनासीमा के राजोल इलाके के इरुसुमंडा गांव में है।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार गैस लीकेज के तुरंत बाद ही आग लग गई। आग और धुएं का घना गुबार इरुसुमंडा, सुमंडा और आसपास के इलाकों में फैल गय। प्रशासन ने एहतियातन नजदीकी गांवों को खाली करवा दिया।

कई ग्रामीण डर के कारण खुद ही घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर निकल गए। लोगों ने अपने मवेशियों को भी गांव से बाहर पहुंचाया। प्रशासन ने बिजली का उपयोग न करने, किसी भी विद्युत उपकरण को चालू न करने और चूल्हा न जलाने की सख्त हिदायत दी है।

जानकारी मिल रही है कि ONGC के अधिकारी और तकनीकी टीमें मौके पर मौजूद हैं और गैस लीक को नियंत्रित करने व आग बुझाने की कोशिशें की जा रही हैं। पुलिस और प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति को काबू में लाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।