टीआरपी डेस्क। यूपी के मेरठ से अंबाला दर्शन के लिए निकले चार युवकों की यात्रा बड़े हादसे में बदल गई। गूगल मैप की गलती के चलते उनकी कार सीधे एक तालाब में जा गिरी। इसके बाद सभी जैसे-तैसे तालाब से बाहर निकले और अपनी जान बचाने में सफल रहे।

मिली जानकरी के अनुसार बुधवार शाम छात्र नेता सूर्या अपने तीन साथियों- आदित्य, अनुज और आशुतोष के साथ ब्रेजा कार से अंबाला जिले के शाहाबाद कस्बे में स्थित महर्षि मारकंडेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे। सरसावा में प्रवेश करने के बाद उन्होंने मंदिर का रास्ता जानने के लिए गूगल मैप का सहारा लिया।

डिजिटल नेविगेशन के निर्देशों का पालन करते हुए चारों युवक अंबाला रोड पर स्थित सिरोही पैलेस के पास एक संकरे रास्ते पर मुड़ गए। कार आदित्य चला रहे थे। कुछ ही दूरी पर उन्हें यह अंदाज़ा नहीं लग पाया कि आगे तालाब है और कार सीधे पानी में जा गिरी।

डूबती कार को देखकर चारों युवकों ने साहस दिखाया। उन्होंने शीशे नीचे कर किसी तरह खुद को पानी में झोंका और तैरते हुए बाहर किनारे पर पहुंच गए। घटना के तुरंत बाद सूर्या ने पुलिस को सूचना दी और पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी से भी संपर्क किया।

डायल 112 पर सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम सुबोध कुमार और थाना अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि चारों युवक पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई शारीरिक नुकसान नहीं हुआ है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।