टीआरपी डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस के दो दिवसीय दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री ने आज मॉस्को में मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। बड़ी तादाद में भारतीय समुदाय के लोग प्रधानमंत्री को सुनने समारोह में मौजूद थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों का अभिवादन करते हुए कहा,”मैं अकेला नहीं आया हूं, मैं अपने साथ बहुत कुछ लेकर आया हूं। मैं अपने साथ हिंदुस्तान की मिट्टी की महक लेकर आया हूं। मैं अपने साथ 140 करोड़ देशवासियों का प्यार लेकर आया हूं।”

तीन गुनी ताकत से काम करूंगा: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि आज 9 जुलाई है, आज के ही दिन मुझे शपथ लिए पूरा एक महीना हुआ है। आज से ठीक 1 महीने पहले मैंने भारत के पीएम पद की शपथ ली थी। उसी दिन मैंने एक प्रण लिया था कि अपने तीसरे टर्म में मैं तीन गुनी ताकत से काम करूंगा, तीन गुनी रफ्तार से काम करूंगा।

प्रधानमंत्री ने बताया सरकार का क्या है लक्ष्य

पीएम मोदी ने कहा कि ये भी एक संयोग है कि सरकार के कई लक्ष्यों में भी 3 का अंक छाया हुआ है। सरकार एक लक्ष्य है, तीसरे टर्म में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनाना। सरकार का लक्ष्य है, तीसरे टर्म में गरीबों के लिए 3 करोड़ घर बनाना। सरकार का लक्ष्य है, तीसरे टर्म में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाना।

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश ने विकास की जो रफ्तार पकड़ी है, उसे देखकर दुनिया हैरान है।दुनिया के लोग जब भारत आते हैं, तो कहते हैं कि ‘भारत बदल रहा है।’ भारत का कायाकल्प, भारत का नव-निर्माण वो साफ-साफ देख पा रहे हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।