टीआरपी डेस्क। तेलंगाना विधानसभा के लिए 30 नवंबर को होने वाले चुनाव में खम्‍मम जिले के पलेरू निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्‍मीदवार पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी के परिसरों पर आयकर (आईटी) विभाग ने गुरुवार सुबह छापेमारी शुरू की। पूर्व सांसद श्रीनिवास रेड्डी ने एक दिन पहले ही केंद्रीय एजेंसियों की छापेमारी की आशंका जताई थी।

आयकर विभाग के अधिकारी गुरुवार तड़के खम्मम में उनके घर और कार्यालयों पर पहुंचे। कड़ी सुरक्षा के बीच तड़के करीब तीन बजे शुरू हुई तलाशी खबर लिखे जाने तक जारी थी। आयकर अधिकारियों ने तलाशी लेने से पहले कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। श्रीनिवास रेड्डी, जो एक व्यवसायी भी हैं, गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करने वाले थे।

पूर्व सांसद जुलाई में कांग्रेस में शामिल हुए थे। इससे कुछ महीने पहले ही राज्य की सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने उन्‍हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निलंबित कर दिया था। श्रीनिवास रेड्डी ने बुधवार को दावा किया था कि आईटी की तलाशी उनके, उनके परिवार के सदस्यों, समर्थकों और जिले के अन्य प्रमुख कांग्रेस नेताओं के खिलाफ होने की संभावना है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और बीआरएस ने कांग्रेस नेताओं पर छापेमारी के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करने के लिए मिलीभगत की है। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि इन छापों से पता चलता है कि कांग्रेस पार्टी तेलंगाना में चुनाव जीत रही है। श्रीनिवास रेड्डी, जो कांग्रेस अभियान समिति के सह-अध्यक्ष भी हैं, ने कहा कि पार्टी के नेताओं को अगले कुछ दिनों में कठिन समय का सामना करना पड़ेगा।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू
 पर

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।