टीआरपी डेस्क। IND vs SA 1st Test : भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच कोलकाता में खेला गया। इस मैच में भारत को जीत के लिए 124 रन का टारगेट मिला, लेकिन भारतीय टीम दूसरी पारी में 9 विकेट पर 93 रन ही बना पाई और 31 रन से मैच गंवा दिया। साइमन हार्मर को उनकी शानदार बॉलिंग के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस जीत के बाद साउथ अफ्रीका ने 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। भारतीय कप्तान शुभमन गिल दूसरी पारी में भी बैटिंग के लिए नहीं उतरे और इसका लाभ मेजबान टीम को मिला। टेम्बा बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका की जीत का क्रम जारी रहा और भारत को अपने ही घर में मायूसी का सामना करना पड़ा।
भारत को जीतने के लिए 124 रन बनाने थे, जो कोई बड़ा टारगेट नहीं मिला था लेकिन कोलकाता में स्पिन होती पिच पर भारतीय बल्लेबाज नहीं चल पाए। हालांकि आखिरी वक्त पर अक्षर पटेल ने जरूर कुछ अच्छे शॉट्स खेले, लेकिन वो टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं रहे और भारत के हाथ से मैच निकल गया।
निराशाजनक रही भारतीय बल्लेबाजों की पारी
भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल डक पर जबकि केएल राहुल 1 रन बनाकर आउट हो गए। ऋषभ पंत 2 रन पर जबकि ध्रुव जुरेल ने 13 रन पर अपना विकेट गंवाया। रविंद्र जडेजा ने 18 रन बनाकर पवेलियन की राह पकड़ ली। वाशिंगटन सुंदर भी 31 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। दूसरी पारी में साउथ अफ्रीका के बॉलर्स, हार्मर ने 4 जबकि यानसेन और केशव महाराज को 2-2 सफलता मिली। एडन मार्करम भी 1 विकेट लेने में सफल रहे।
टेम्बा बावुमा ने खेली अर्धशतकीय पारी
भारत के खिलाफ दूसरी पारी में साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए और नाबाद 55 रन की पारी खेली। कॉर्बिन बॉश ने भी 25 रन की पारी खेली। भारत के लिए दूसरी पारी में रविंद्र जडेजा ने 4 विकेट लिए जबकि कुलदीप और सिराज ने 2-2 विकेट लिए तो वहीं बुमराह और अक्षर 1-1 विकेट लेने में सफल रहे।
इससे पहले साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 159 रन बनाए थे। पहली पारी में भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक 5 विकेट लिए थे। भारत ने पहली पारी में 189 रन बनाए और 30 रन की लीड ली थी। पहली पारी में साउथ अफ्रीका के लिए हार्मर ने 4, जबकि मार्को यानसेन ने 3 विकेट लिए थे।


