नई दिल्ली। पड़ोसी देशों के प्रति भारत की नीति हमेशा से उदारवादी रहा है। भारत के इसी सोच के कारण ही पड़ोसी देश भारत की ओर आशावादी नजरों से देख रहे हैं। केंद्र की मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत एक समृद्ध देश बनकर  दूसरों की मदद कर रहा है।

श्रीलंका की मदद करने के बाद  पड़ोसी धर्म का निर्वहन करते हुए नेपाल को बाढ़ और आपदा राहत सामग्री की खेप सौंपी। भारतीय दूतावास के बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार नेपाल में भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने यहां गृह मंत्रालय के एक कार्यक्रम के दौरान नेपाल के गृह मंत्री बाल कृष्ण खंड को राहत सामग्री सौंपी। इनमें 3,000 टेंट और दस मोटर चालित नौकाएं भी शामिल हैं।


कार्यक्रम के दौरान श्रीवास्तव ने आशा जताई कि राहत सामग्री की आपूर्ति से संबंधित एजेंसियों को समय पर इसका वितरण करने में मदद मिलेगी। गृह मंत्री खंड ने राहत सामग्री के समय पर वितरण के लिए भारत सरकार को धन्यवाद दिया तथा भारत और नेपाल के बीच आपदा राहत से संबंधित सहयोग की सराहना की। बयान में कहा गया कि साझा इतिहास और संस्कृति वाले भारत और नेपाल विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक मुद्दों पर सहयोग करते हैं।


भारतीय दूतावास के बयान में कहा गया है कि राहत सामग्री नेपाल में आपदा से निपटने में भारत के निरंतर सहयोग को दर्शाती है। बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाएं अक्सर नेपाल के साथ-साथ भारत को भी प्रभावित करती हैं, जिसके परिणामस्वरूप जान-माल का नुकसान होता है। राजदूत ने कहा कि इस तरह की प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए दोनों देशों के पास वर्षों से एक समन्वय तंत्र है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू और वॉट्सएप, पर
…

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।