टीआरपी डेस्क। देशभर में एयरलाइंस को लगातार बम धमकी मिल रही है, जिससे यात्रियों में दहशत फैल रही है और असुविधा हो रही है। शनिवार को 30 से अधिक विमानों को धमकी मिली, जिसके बाद यात्रियों में तनाव का माहौल बन गया।

इस पर नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) के महानिदेशक जुल्फिकार हसन ने आश्वासन दिया है कि फर्जी धमकियों पर जल्द अंकुश लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय आसमान पूरी तरह सुरक्षित है, और यात्री बिना किसी डर के यात्रा कर सकते हैं।

मजबूत सुरक्षा व्यवस्था, कोई डर नहीं

हसन ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों और एयरलाइंस के बीच बेहतर तालमेल से फर्जी धमकियों से निपटने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सुरक्षा प्रोटोकॉल मजबूत हैं और उनका कड़ाई से पालन हो रहा है। यात्रियों से अपील की गई कि वे भयमुक्त होकर यात्रा करें।

सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, जांच जारी

शनिवार को BCAS मुख्यालय में एक बैठक हुई, जिसमें एयरलाइंस कंपनियों ने अपनी चिंताएं रखीं। लगातार मिल रही धमकियों को लेकर गहन चर्चा की गई। एयरलाइंस के प्रतिनिधियों ने त्योहारी सीजन के दौरान एयरपोर्ट पर भीड़भाड़ बढ़ने की आशंका जताई। BCAS ने आश्वासन दिया कि सुरक्षा एजेंसियां धमकियों के मूल कारणों तक पहुंचने में जुटी हैं।

See also  GST Collection : अक्टूबर में जीएसटी कलेक्शन 1.5 लाख करोड़ रुपये के पार

यात्रियों और एयरलाइंस को हो रही परेशानी

लगातार मिल रही धमकियों से एयरलाइंस के संचालन में मुश्किलें आ रही हैं, और यात्रियों में भी चिंता बढ़ी है। पिछले एक हफ्ते में 70 से अधिक विमानों को बम धमकियां मिल चुकी हैं, जिनमें स्पाइस जेट और एयर एशिया की कई फ्लाइट्स शामिल हैं। हालांकि, जांच में सभी धमकियां फर्जी पाई गईं।

कानून में संशोधन की तैयारी

धमकियों के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार भी सक्रिय हो गई है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय अन्य मंत्रालयों के साथ मिलकर कानून में संशोधन की योजना बना रहा है। सरकार बम की फर्जी धमकी देने वालों को कड़ी सजा देने और नो फ्लाई लिस्ट में डालने की दिशा में कदम उठा रही है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।