सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में कोहराम मच गया। बाजार के शुरुआत से ही भारी बिकवाली जारी है। पश्चिम एशिया (Middle East) में बढ़ते तनाव के चलते बाजार में भारी गिरावट आई है।

सेंसेक्स और निफ्टी धड़ाम
बाजार खुलते ही प्री-ओपन ट्रेडिंग में सेंसेक्स 2,743 अंक तक टूट गया था। हालांकि शुरुआती झटके के बाद रिकवरी की कोशिश हुई, लेकिन सेंसेक्स 1,072.86 अंक (1.32%) गिरकर 80,214.33 पर कारोबार करता दिखा। निफ्टी भी 333.90 अंक (1.33%) की कमजोरी के साथ 24,844.75 के स्तर पर आ गया।

निवेशकों की संपत्ति में भारी सेंध
बाजार के धराशायी होने से बीएसई (BSE) में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप 463.50 लाख करोड़ से घटकर लगभग 455 लाख करोड़ रुपये रह गया। यानी कारोबार शुरू होने के कुछ ही पलों में निवेशकों की गाढ़ी कमाई के 8 लाख करोड़ रुपये हवा हो गए।

डॉलर के मुकाबले रुपया भी हुआ पस्त
बाजार के साथ-साथ भारतीय मुद्रा पर भी दबाव साफ दिखा। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 24 पैसे फिसलकर 91.32 के स्तर पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और डॉलर की मजबूती ने रुपये की कमर तोड़ दी है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।