टीआरपी डेस्क। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग करने वाले पूर्व सांसद केसी त्यागी से जनता दल यूनाइटेड ने खुद को अलग कर लिया है। जदयू का कहना है कि त्यागी के हालिया बयान पार्टी की आधिकारिक राय नहीं हैं और उनसे संगठन का कोई औपचारिक संबंध नहीं है।

केसी त्यागी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर नीतीश कुमार को समाजवादी आंदोलन का अनमोल रत्न बताते हुए उन्हें भारत रत्न देने की मांग की थी। उन्होंने अपने पत्र में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और कर्पूरी ठाकुर का भी उल्लेख किया था, जिन्हें प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में भारत रत्न से सम्मानित किया गया। इससे पहले भी कुछ नेताओं की ओर से नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग उठती रही है, लेकिन तब जदयू की तरफ से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई थी।

जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने शनिवार को स्पष्ट कहा कि केसी त्यागी के हालिया बयान निजी हैं और पार्टी के आधिकारिक स्टैंड को नहीं दर्शाते। उन्होंने कहा कि त्यागी अपने वक्तव्य व्यक्तिगत हैसियत में दे रहे हैं और पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी यह स्पष्ट नहीं है कि वे फिलहाल जदयू में किसी भूमिका में हैं या नहीं। इसलिए उनके बयानों को जदयू से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

See also  PM की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री परिषद की बैठक, CM साय ने बताया कैसे बना बस्तर संस्कृति, सहभागिता और विकास का मॉडल

हालांकि राजीव रंजन ने सीधे तौर पर भारत रत्न की मांग का उल्लेख नहीं किया, लेकिन बयान के समय को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। केसी त्यागी का बयान शुक्रवार को सामने आया था, जबकि जदयू की प्रतिक्रिया शनिवार सुबह ही आ गई।

जदयू में केसी त्यागी की भूमिका पिछले कुछ समय से लगातार घटती रही है। एक समय वे पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव और प्रवक्ता रहे हैं। बाद में उन्हें महासचिव और प्रवक्ता पद से हटा दिया गया था।

हाल तक उन्हें पार्टी का सलाहकार माना जाता था, लेकिन शनिवार को आई जदयू की प्रतिक्रिया के बाद यह भी साफ हो गया है कि संगठन में उनकी भूमिका अब लगभग समाप्त हो चुकी है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।