टीआरपी डेस्क। प्रयागराज में आयोजित होने वाले महाकुंभ 2025 के शाही स्नान को अब ‘अमृत स्नान’ के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रयागराज दौरे के दौरान यह ऐतिहासिक घोषणा की।

सीएम योगी ने नैनी स्थित बायो सीएनजी प्लांट का उद्घाटन और फाफामऊ में स्टील ब्रिज का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने महाकुंभ के लिए चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। संगम घाटों की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही उन्होंने गंगाजल का आचमन भी किया।

बड़े हनुमान मंदिर में मत्था टेकने के बाद सीएम योगी ने मेला प्राधिकरण के सभागार में अधिकारियों और संतों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने संत समुदाय की लंबे समय से चली आ रही मांग को याद करते हुए शाही स्नान को ‘अमृत स्नान’ के नाम से पुकारने की घोषणा की।

महाकुंभ की तैयारियों में प्रगति

कुंभ मेला अधिकारी विजय किरन आनंद ने बैठक में महाकुंभ की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। प्रमुख कार्यों की स्थिति इस प्रकार है

  • सड़क और फ्लाईओवर: 200 से अधिक सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है, जिसमें फ्लाईओवर के कार्य भी शामिल हैं।
  • पार्किंग और होल्डिंग एरिया: मेला क्षेत्र में हर 2-3 किलोमीटर पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। रेलवे और बस स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनकर तैयार हैं।
  • पांटून ब्रिज: 30 पांटून ब्रिज बनाए गए हैं, जिनमें से 28 पूरी तरह तैयार हैं।
  • अस्थायी घाट और चकर्ड प्लेट: 12 किलोमीटर का अस्थायी घाट और 530 किलोमीटर के दायरे में चकर्ड प्लेट बिछाई जा चुकी हैं।
  • पेयजल व्यवस्था: शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है।
  • टेंट सिटी: महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 1.5 लाख से अधिक टेंट लगाए जा रहे हैं।
See also  क्या आप जानते है…? मुंबई, दिल्ली नहीं… यहां की प्रति व्यक्ति आय है 11 लाख रु, देश के सबसे अमीर जिले का मिला टैग

महाकुंभ 2025 के लिए प्रयागराज को वैश्विक स्तर की सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। पार्किंग, यातायात, स्वच्छता और पेयजल जैसे बुनियादी सुविधाओं को ध्यान में रखा गया है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।