टीआरपी डेस्क। महाराष्ट्र में सरकार गठन की प्रक्रिया तेजी पकड़ चुकी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ये दोनों नेता महाराष्ट्र में भाजपा विधायक दल के नेता के चयन की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। हालांकि, मुख्यमंत्री के नाम की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन संभावना है कि भाजपा का ही नेता यह पद संभालेगा।

शपथ ग्रहण समारोह 5 दिसंबर को

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने घोषणा की है कि नई महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 5 दिसंबर की शाम को दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में आयोजित होगा। इससे पहले, भाजपा विधायक दल की बैठक में नेता का चुनाव किया जाएगा। मुख्यमंत्री पद के लिए पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी को डिप्टी सीएम पद मिल सकता है।

विधायक दल की बैठक जल्द

भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने बताया कि विधायक दल के नेता के चयन के लिए जल्द बैठक होगी। केंद्रीय पर्यवेक्षक बैठक में भाग लेंगे और नामों की घोषणा करेंगे। यह घोषणा शपथ ग्रहण से पहले की जाएगी। हाल ही में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने 236 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा ने 132, शिवसेना ने 51 और अजित पवार गुट की एनसीपी ने 46 सीटें जीतीं।

विपक्षी महा विकास अघाड़ी को 46 सीटों पर सिमटना पड़ा। कांग्रेस ने 16, शरद पवार की एनसीपी (एसपी) ने 10, और उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना ने 20 सीटें जीतीं। 20 नवंबर को महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों पर एक साथ मतदान हुआ था। मतगणना 23 नवंबर को हुई, जिसमें महायुति को प्रचंड जीत मिली। अब महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।