नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों को एक बहुत बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (NDR) की टीम ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के खतरनाक आतंकी और चर्चित मेट्रो पोस्टर केस के मास्टरमाइंड शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार कर लिया है। शब्बीर उस मॉड्यूल का मुख्य हैंडलर था, जिसका हाल ही में भंडाफोड़ किया गया है।

शॉल बेचने के बहाने फैला रहा था नेटवर्क, 7 राज्यों में था सक्रिय

शब्बीर अहमद लोन लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था। वह बांग्लादेश में बैठकर भारत में आतंकी गतिविधियों को संचालित कर रहा था। चौंकाने वाली बात यह है कि उसने फर्जी पहचान के सहारे देश के कई राज्यों में आतंक का नेटवर्क खड़ा कर लिया था। वह दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, कोलकाता, गोवा, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु और केरल में फेरीवाला बनकर घूमता था। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, वह शॉल बेचने के बहाने अपना नेटवर्क तैयार करता और संवेदनशील इलाकों की रेकी करता था।

See also  Bihar Assembly Elections: तेजस्वी यादव के नायक वाले पोस्टर पर मचा सियासी बवाल, BJP-JDU ने पूछा...पिता खलनायक तो बेटा नायक कैसे..?

मेट्रो पोस्टर केस से खुला राज, ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

दरअसल, यह पूरा मामला फरवरी 2026 में दिल्ली के कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर धमकी भरे पोस्टर लगाने के बाद गरमाया था। जांच के दौरान लश्कर के दो बांग्लादेशी आतंकी पकड़े गए। पूछताछ के आधार पर तमिलनाडु से छह और आतंकियों की गिरफ्तारी हुई। इन सभी से पूछताछ में शब्बीर लोन का नाम सामने आया, जो विदेश में बैठकर पूरे मॉड्यूल को हैंडल कर रहा था।

पाकिस्तान में ली ट्रेनिंग, तिहाड़ में काट चुका है सजा

गौरतलब है कि शब्बीर लोन एक प्रशिक्षित आतंकी ऑपरेटिव है। उसने पाकिस्तान के मुजफ्फराबाद स्थित कैंप में हथियारों की ट्रेनिंग ली थी। वह साल 2007 में भी भारी मात्रा में गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार हुआ था और 2018 तक तिहाड़ जेल में बंद रहा था। जेल से छूटने के बाद उसने फिर से कश्मीर और अन्य राज्यों में अपना नेटवर्क सक्रिय कर लिया था।

See also  पंजाब में बिजली बचत के लिए आज से 7.30 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा सरकारी दफ्तर 

सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता

जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क विदेश से संचालित हो रहा था और भारत के कई प्रमुख शहरों में बड़े हमलों की साजिश रच रहा था। शब्बीर की गिरफ्तारी से लश्कर के इस बड़े स्लीपर सेल मॉड्यूल की कमर टूट गई है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि अन्य सहयोगियों का पता लगाया जा सके।