टीआरपी डेस्क। जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। मुख्यालय से जारी ताजा आदेश के मुताबिक, देशभर के 84 उप निदेशक (DD) और सहायक निदेशक (AD) स्तर के अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं। इस लिस्ट में रायपुर जोनल ऑफिस का नाम भी प्रमुखता से शामिल है, जो पिछले कुछ सालों से हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच का केंद्र बना हुआ है।

रायपुर से अहमदाबाद का सफर

दरअसल, रायपुर जोनल ऑफिस में लंबे समय से तैनात सहायक निदेशक टीएल मीणा का तबादला कर दिया गया है। उन्हें अब अहमदाबाद जोनल ऑफिस की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गुवाहाटी से रायपुर आ रहे दिव्येंदु मान

गौरतलब है कि टीएल मीणा की जगह अब दिव्येंदु मान रायपुर जोनल ऑफिस में मोर्चा संभालेंगे। दिव्येंदु मान फिलहाल गुवाहाटी जोनल ऑफिस में पदस्थ थे। जांच के जानकारों का मानना है कि रायपुर में चल रहे संवेदनशील मामलों (जैसे महादेव सट्टा ऐप और राइस मिल घोटाले) की गंभीरता को देखते हुए दिव्येंदु मान की नियुक्ति रणनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण है।

छत्तीसगढ़ पर ED की पैनी नजर

बता दें कि रायपुर जोनल ऑफिस पिछले 2-3 सालों से लगातार सुर्खियों में है। कई आईएएस अधिकारियों और बड़े कारोबारियों के खिलाफ चल रही जांच के बीच नए अधिकारियों की पदस्थापना से जांच और कार्रवाई में तेजी आने की उम्मीद है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।