नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अवसरवादी नेताओं के सत्ताधारी दल से जुड़े रहने की इच्छा पर चिंता जताई है। गडकरी ने कहा कि नेताओं की विचारधारा में इस तरह की गिरावट लोकतंत्र के लिए अच्छी बात नहीं है। इतना ही नहीं गडकरी ने यह भी कहा कि जो अच्छा काम करता है उसे कभी सम्मान नहीं मिलता और जो बुरा काम करता है उसे कभी सजा नहीं मिलती।

केंद्रीय मंत्री और पूर्व भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने एक कार्यक्रम में उक्त बातें कही। गडकरी ने बिना नाम लिए कहा कि मैं हमेशा मजाक में कहता हूं कि चाहे किसी भी पार्टी की सरकार हो, एक बात तय है कि जो अच्छा काम करता है उसे कभी सम्मान नहीं मिलता और जो बुरा काम करता है, उसे कभी सजा नहीं मिलती। केंद्रीय मंत्री एक मीडिया समूह द्वारा सांसदों को उनके योगदान के लिए पुरस्कार देने के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि “हमारी बहसों और चर्चाओं में मतभेद हमारी समस्या नहीं है। हमारी समस्या विचारों की कमी है।

See also  Gyanvapi ASI Survey : ज्ञानवापी में ASI के सर्वे पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक, अब हाईकोर्ट में होगी सुनवाई

गडकरी ने कहा कि ऐसे लोग भी हैं जो अपनी विचारधारा के आधार पर दृढ़ विश्वास के साथ खड़े हैं, लेकिन ऐसे लोगों की संख्या घट रही है। विचारधारा में हो रही गिरावट लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है। उन्होंने कहा कि न तो दक्षिणपंथी और न ही वामपंथी, हम जाने-माने अवसरवादी हैं, कुछ लोग ऐसा लिखते हैं और सभी सत्तारूढ़ दल से जुड़े रहना चाहते हैं। इसके अलावा उन्होंने पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडीस की तारीफ करते हुए कहा कि मैंने उनकी सादगी, व्यवहार और व्यक्तिव से काफी कुछ सीखा है। अटल बिहारी वाजपेयी के बाद वे एक ऐसे व्यक्ति हैं, जिनसे मैं बहुत प्रभावित हूं।