टीआरपी डेस्क। योग गुरु बाबा रामदेव की पतंजलि कंपनी पर घटिया घी बेचने का आरोप लगा है, और इसी मामले में पिथौरागढ़ की एडीएम कोर्ट ने निर्माता और वितरक पर कुल 1.40 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। मामला 2020 में लिए गए पतंजलि गाय के घी के सैंपल के फेल होने से जुड़ा है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, अक्टूबर 2020 में लिए गए सैंपल पहले राज्य लैब में फेल हुए। बाद में कारोबारियों की मांग पर 2021 में इन्हें केंद्र सरकार की रेफरल लैब भेजा गया, जहां 2022 में सैंपल दोबारा फेल पाए गए। इसके बाद फरवरी 2022 में केस दायर हुआ और 19 नवंबर 2024 को कोर्ट ने फैसला सुनाया।

इस कार्रवाई के बाद पतंजलि ने एक्स पर बयान जारी कर कोर्ट के आदेश को त्रुटिपूर्ण बताया। कंपनी ने तर्क दिया है कि….

  • रेफरल लैब को गाय के घी की जांच के लिए मान्यता ही नहीं थी, इसलिए उसका परीक्षण मान्य नहीं माना जाना चाहिए।
  • जिन नियमों के आधार पर घी को असफल घोषित किया गया, वे उस समय लागू ही नहीं थे।
  • दोबारा परीक्षण घी की एक्सपायरी डेट निकलने के बाद किया गया, जिससे रिपोर्ट स्वाभाविक रूप से अवैध हो जाती है।
See also  अदालत का अनुवादक 25 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB ने की कार्रवाई

पतंजलि का कहना है कि कोर्ट ने इन तर्कों पर विचार नहीं किया, इसलिए कंपनी अब फूड सेफ्टी ट्राइब्यूनल में अपील दायर कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि फैसले में कहीं नहीं बताया गया कि घी स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है, सिर्फ RM Value में हल्का अंतर मिला है, जो उनके अनुसार प्राकृतिक कारणों से होता है और गुणवत्ता को प्रभावित नहीं करता।

कंपनी ने दावा किया कि RM Value मौसम, पशुओं के आहार और क्षेत्रीय परिस्थितियों के हिसाब से बदलता है, और FSSAI भी समय-समय पर इसमें बदलाव करता आया है। पतंजलि का कहना है कि वे पूरे देश से दूध और घी कठोर मानकों के आधार पर खरीदते हैं और राष्ट्रीय स्तर पर उत्पाद बेचते हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।