टीआरपी डेस्क। जम्मू कश्मीर विधानसभा में बुधवार को अनुच्छेद 370 (Article 370) की बहाली का प्रस्ताव पारित किया गया। यह प्रस्ताव डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी द्वारा पेश किया गया, जिसे नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस का समर्थन प्राप्त हुआ। इस प्रस्ताव में विशेष राज्य के दर्जे को एकतरफा तरीके से हटाए जाने पर चिंता व्यक्त की गई थी। बिना किसी बहस के प्रस्ताव पारित होने के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि विधानसभा ने अपना कार्य पूरा कर लिया है।

बीजेपी विधायकों ने किया विरोध

बीजेपी विधायकों ने इस प्रस्ताव का विरोध करते हुए इसे राष्ट्रविरोधी एजेंडा बताया। विरोध के दौरान बीजेपी विधायकों ने 5 अगस्त जिंदाबाद और जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वह कश्मीर हमारा है के नारे लगाए। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि अब्दुल्ला परिवार और एनसी ने इस प्रस्ताव को लोगों को भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल करने के लिए पेश किया है, जबकि अनुच्छेद 370 को हटाने का निर्णय अंतिम है।

डिप्टी सीएम ने किया प्रस्ताव पेश

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने पर डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी ने जम्मू कश्मीर के विशेष दर्जे को बहाल करने का प्रस्ताव पेश किया। बीजेपी विधायकों ने इसका विरोध किया और प्रस्ताव की प्रतियां फाड़ दीं। प्रस्ताव में यह कहा गया कि विधानसभा जम्मू कश्मीर के विशेष दर्जे और संवैधानिक गारंटी के महत्व की पुष्टि करती है, जिसने राज्य के लोगों की पहचान, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा की।

रविंदर रैना का बयान

बीजेपी नेता रविंदर रैना ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस के इस एजेंडे को बीजेपी कभी स्वीकार नहीं करेगी। उनका कहना था कि अनुच्छेद 370 अब इतिहास बन चुका है और वह कभी वापस नहीं आ सकता।

समर्थन करने वाली पार्टियां

इस प्रस्ताव का पीडीपी, पीपुल्स कॉन्फ्रेंस और सीपीआई (एम) के सदस्यों ने समर्थन किया। प्रस्ताव पारित होने के बाद, नेशनल कॉन्फ्रेंस ने कहा कि उसने अपने घोषणापत्र के वादों में से एक को पूरा किया है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।