टीआरपी डेस्क। महाराष्ट्र से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां मालेगांव के पूर्व मेयर अब्दुल मलिक मोहम्मद यूनुस ईसा को 26 मई की देर रात अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी है। गोली उनके बायीं छाती, बायीं जांघ और दाहिने हाथ में लगी है।

हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मालेगांव के सरकारी अस्पताल से नासिक रेफर कर दिया गया है। बता दें कि अब्दुल मलिक, असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन पार्टी के एक प्रमुख नेता हैं।

अब्दुल मलिक रविवार की रात करीब डेढ़ बजे मुंबई-आगरा राजमार्ग के किनारे एक रेस्तरां के बाहर अपने दोस्तों के साथ चाय पी रहे थे। तभी आए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से मलिक जमीन पर गिर गए। इसके बाद हमलावर भागने लगे। लेकिन भागने से पहले भी मलिक पर कई राउंड फायरिंग की। हमले में मलिक को तीन गोलियां लगीं और उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, मलिक को छाती के बायीं ओर, बायीं जांघ और दाहिने हाथ पर चोटें आईं। चूंकि चोटें गंभीर थीं, इसलिए एआईएमआईएम नेता को नासिक के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार घटना रात 1:20 बजे हुई। मलिक ओल्ड आगरा रोड पर एक दुकान के बाहर बैठे थे। स्थानीय पुलिस ने व्यापक जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।