टीआरपी डेस्क। बिहार भारतीय जनता पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय नेतृत्व ने दरभंगा शहरी से विधायक संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके नाम पर मुहर लगते ही संगठन में नई टीम और रणनीति को लेकर हलचल तेज हो गई है।

संजय सरावगी का जन्म 28 अगस्त 1969 को हुआ। वे छात्र जीवन से ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे हैं। वर्ष 1995 में उन्होंने भाजपा की औपचारिक सदस्यता ली, जिसके बाद उन्हें युवा मोर्चा में संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गईं। यहीं से उनके राजनीतिक सफर को दिशा मिली।

राजनीति में उनकी शुरुआत नगर निगम से हुई। उन्होंने दरभंगा नगर निगम के वार्ड संख्या छह से पहला चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। इसके बाद पार्टी में उनका कद लगातार बढ़ता गया।

मार्च 2005 में भाजपा ने उन्हें दरभंगा शहरी विधानसभा सीट से मैदान में उतारा। अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में उन्होंने जीत हासिल की। इसके बाद से संजय सरावगी लगातार इस सीट से निर्वाचित होते आ रहे हैं। उन्होंने 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की है।

See also  FCI घोटाला : CBI ने की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते DGM गिरफ्तार, तीन राज्यों में छापे, 60 लाख रूपये बरामद

2025 के विधानसभा चुनाव में संजय सरावगी ने विकासशील इंसान पार्टी के नेता उमेश सहनी को बड़े अंतर से हराया था। संगठनात्मक अनुभव और लगातार चुनावी सफलता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें बिहार भाजपा की कमान सौंपी है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।