टीआरपी डेस्क। हरियाणा के पानीपत में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने डंकी रूट के जरिए अवैध रूप से लोगों को अमेरिका भेजने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ईडी की टीम ने भाजपा नेता बलवान शर्मा, पंचायत सचिव प्रवीण उर्फ फोर्ड और एजेंट प्रदीप से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई पानीपत के अहर-कुराना गांव सहित अन्य स्थानों पर की गई।

छापेमारी के दौरान ईडी को भारी मात्रा में नकदी और कीमती धातुएं बरामद हुई हैं। जांच एजेंसी ने दो करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, करीब 300 किलो चांदी, छह किलो सोना और कई संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। इसके अलावा लैपटॉप, कंप्यूटर और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड भी कब्जे में लिए गए हैं।

जांच में सामने आया है कि पंचायत सचिव प्रवीण उर्फ फोर्ड, जो खेल कोटे से सरकारी नौकरी में आया था और सर्कल स्तर का कबड्डी खिलाड़ी रह चुका है, अवैध तरीके से लोगों को मेक्सिको के रास्ते अमेरिका भेजने के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। आरोप है कि वह लोगों से उनकी जमीन या संपत्ति के कागजात गिरवी रखवाता था, ताकि तय रकम मिलने के बाद कोई पीछे न हट सके।

ईडी ने हरियाणा के पानीपत और पिहोवा के साथ-साथ पंजाब और दिल्ली में कुल 13 आवासीय और व्यावसायिक परिसरों पर एक साथ कार्रवाई की। जालंधर जोनल कार्यालय की अलग-अलग टीमों ने रिची ट्रैवल्स (जालंधर), तरुण खोसला (दिल्ली) और बलवान शर्मा (पानीपत) से जुड़े ठिकानों पर तलाशी ली। यह कार्रवाई उन जानकारियों के आधार पर की गई, जिनमें फरवरी 2025 में अमेरिका से 330 भारतीय नागरिकों को भारत वापस भेजे जाने का मामला सामने आया था।

इससे पहले कुरुक्षेत्र जिले में भी ईडी की टीम ने इसी नेटवर्क से जुड़े एजेंटों के ठिकानों पर छापेमारी की थी, जहां पिहोवा का एक एजेंट कार्रवाई से पहले ही फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि पिछले महीने एजेंट विशाल चावला के घर में चोरी की घटना हुई थी, जिसमें नकदी, विदेशी मुद्रा और जेवरात चोरी होने की सूचना मिली थी। ईडी को आशंका है कि रेड से पहले ही एजेंट के फरार होने की योजना बनाई गई थी।

ईडी के अनुसार, इस पूरे मामले में हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और पंजाब से जुड़े कई संदिग्ध एजेंट और नेटवर्क जांच के दायरे में हैं और आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।